कोविड-19 वृद्धजन सुरक्षा अभियान समूचे जिले में चलाया जाएगा - Bhaskar Crime

Breaking

कोविड-19 वृद्धजन सुरक्षा अभियान समूचे जिले में चलाया जाएगा

स्वास्थ्य व महिला एवं बाल विकास विभाग का अमला घर-घर पहुंचकर उम्रदराज लोगों की सेहत की जांच करेगा

 *वयोवृद्ध व वृद्धजन की नब्ज टटोलने घर-घर पहुंचेगा अमला*


कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने दिया अभियान चलाने का निर्देश

जबलपुर,। कोरोना के दूसरे चरण की आहट से सकते में आए प्रशासन ने 50 साल की उम्र से ज्यादा लोगों की चिंता शुरू कर दी है। वयोवृद्ध और वृद्धजनों को इस महामारी से बचाने के लिए आठ अक्टूबर से कोविड-19 वृद्धजन सुरक्षा अभियान समूचे जिले में चलाया जाएगा। इसके तहत स्वास्थ्य व महिला एवं बाल विकास विभाग का अमला घर-घर पहुंचकर उम्रदराज लोगों की सेहत की जांच कर बीमारियों का पता लगाएगा। ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि पहले से गंभीर रोगों से पीड़ित वयोवृद्ध व वृद्धजनों का पता चल सके।

*कंट्रोल रूम से रखी जाएगी सेहत पर नजर*

बताया जाता है कि घर-घर चले अभियान के दौरान 50 वर्ष से ज्यादा उम्र के लोगों को सूचीबद्ध किया जाएगा। ऐसे लोगों की सूची अलग से बनाई जाएगी जो डायबिटीज, ब्लडप्रेशर, हृदय रोग, कैंसर, किडनी के रोग समेत अन्य गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं। ऐसे लोगों की सेहत पर नजर रखने के लिए कोविड-19 कंट्रोल रूम के चिकित्सकों की ड्यूटी लगाई जाएगी। कोरोना के कोई संभावित लक्षण या अन्य बीमारियों के कारण यदि चिन्हित लोगों की सेहत खराब होती है तो उन्हें बिना देर किए अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा।

*कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने दिया अभियान चलाने का निर्देश*

कोरोना संक्रमण का खतरा कम होने के साथ नागरिकों ने लापरवाही शुरू कर दी। जिससे कोरोना महामारी के दोबारा पांव फैलाने की आशंका बनी हुई है। कोरोना काल में ऐसे वृद्धजन भी संक्रमण की चपेट में आए जो घर से बाहर नहीं निकलते थे। कांटेक्ट हिस्ट्री में यह बात सामने आई कि बाहर घूमने वाले घर के युवा व अन्य सदस्य कोरोना का वायरस लेकर घर तक पहुंचे। हर्ड इम्युनिटी का विकास हो जाने के कारण वायरस ने उन्हें नुकसान नहीं पहुंचायाा लेकिन रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण घर के वृद्धजन महामारी की चपेट में आ गए। इस दशा में उन्हें जान से हाथ धोना पड़ा जिनमें कोरोना के लक्षण को सामान्य बीमारी मानकर उपचार में देरी की गई। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक लेकर इस तरह की मौतों पर चिंता जताई। जिसके बाद उन्होंने अभियान चलाने का निर्देश दिया।


*विजय पाण्डेय, डीपीएम ने बताया कि*


कलेक्टर के निर्देश पर जिले में कोविड-19 वयोवृद्ध सुरक्षा अभियान चलाया जाना है। सीएमएचओ के मार्गदर्शन में अभियान को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। तीन हजार से ज्यादा कर्मचारियों को अभियान में शामिल किया जाएगा।