*7 लोगों की मौत हो गई गोवा के शिरगांव में श्री लैराई जात्रा (यात्रा) के दौरान रात में मची भगदड़*
*हादसे में लगभग 75 से ज्यादा लाेग घायल हैं, जिनमें 20 गंभीर हैं*
गोवा के शिरगांव में श्री लैराई जात्रा (यात्रा) के दौरान शुक्रवार रात मची भगदड़ में 7 लोगों की मौत हो गई। जानकारी शनिवार सुबह आई है। राहत-बचाव कार्य जारी है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है शुक्रवार शाम को बड़ी संख्या में श्रद्धालु जात्रा में शामिल होने मंदिर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक दुकान के सामने बिजली के तार से करंट लगने के बाद कुछ लोग गिर गए। तभी अफरा-तफरी हुई और भगदड़ मच गई। क्राउड मैनेजमेंट के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने की वजह से हादसा हुआ। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
श्री लैराई जात्रा नॉर्थ गोवा के बिचोलिम तालुका के शिरगांव गांव में आयोजित होने वाला हिंदू धार्मिक उत्सव है। जात्रा हर साल अप्रैल या मई में होती है। इसमें गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक से हजारों श्रद्धालु आते हैं। जात्रा 2 मई की शाम से 3 मई की सुबह तक आयोजित की गई थी। इसी दौरान हादसा हुआ।
*40 हजार श्रद्धालु यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे गोवा* पुलिस के मुताबिक महाराष्ट्र, कर्नाटक सहित कई राज्यों के 30 से 40 हजार लोग यात्रा में शामिल होने पहुंचे थे। शुक्रवार शाम भीड़ मंदिर की ओर जा रही थी, तभी एक ढलान पर कुछ लोग गिर पड़े। इसके बाद पीछे से आ रहे लोग भी एक-दूसरे पर गिरते चले गए। 40 से 50 लोग इस दौरान नीचे गिर गए। इसके बाद अफरा-तफरी होने से भगदड़ मच गई।
*यात्रा के लिए एक हजार* पुलिस कर्मियों की ही तैनाती हुई थी। वहीं, भीड़ की एक्टिविटी को ड्रोन की मदद से ट्रैक किया जा रहा था।
*PM मोदी ने हादसे को लेकर CM सावंत से बात की* : CM प्रमोद सावंत ने 'X' पर लिखा- शिरगांव के लैराई जात्रा में हुई भगदड़ से दुखी हूं। मैंने नॉर्थ गोवा डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा हूं और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन कर स्थिति की जानकारी ली और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।