*शहर की सड़कों पर उतरे मंत्री, महापौर, सांसद और विधायकगण*
*भर में युद्ध स्तर पर सुधारे जा रहे लीकेज, अब तक 473 स्थानों पर मरम्मत*
*नागरिकों को स्वच्छ जलापूर्ति करने नगर निगम है प्रतिबद्ध*
जबलपुर संवाददाता / शहर के हर घर तक स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल पहुँचाने के लिए नगर निगम प्रशासन ने 'युद्धस्तरीय अभियान' छेड़ दिया है।
कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' समेत तमाम जनप्रतिनिधि और निगम अधिकारी अब केवल कमरों में बैठकर आदेश जारी नहीं कर रहे, बल्कि स्वयं सड़कों पर उतरकर कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और नागरिकों से सीधा संवाद कर रहे हैं।
जमीनी स्तर पर दिख रही सक्रियता
इस अभियान की खास बात यह है कि मंत्री, सांसद, विधायक और महापौर खुद मोर्चे पर हैं। कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह लगातार निरीक्षण कर रहे हैं, वहीं सांसद आशीष दुबे और सुमित्रा बाल्मीकि भी सक्रिय हैं। आज महापौर 'अन्नू', विधायक अशोक ईश्वरदास रोहाणी, निगमाध्यक्ष रिंकू विज और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने शहर के विभिन्न इलाकों का दौरा कर मरम्मत कार्यों का जायजा लिया और लोगों से सीधे फीडबैक लिया।
473 लीकेज ठीक, 657 सैंपल जांचे
महापौर 'अन्नू' ने बताया कि अब तक शहरभर में 473 स्थानों पर पाइप लाइन के लीकेज की सफलतापूर्वक मरम्मत की जा चुकी है। पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 657 जल के नमूने एकत्र करके उनकी गहन जांच की गई है। यह काम नागरिकों को दोनों समय स्वच्छ जल आपूर्ति के संकल्प के तहत किया जा रहा है।
विस्तृत कार्य: वार्डवार जानकारी
निगमायुक्त श्री अहिरवार और अधीक्षण अभियंता कमलेश श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान के तहत शहर के लगभग हर कोने में काम हुआ है। कुछ प्रमुख कार्य इस प्रकार हैं:
· वार्ड 75: एम.आई.जी. हाउसिंग बोर्ड में गंदे पानी की समस्या का 2 पाइप लाइन बदलकर निवारण।
· वार्ड 23: छोटी ओमती, लकड़गंज नाले के पास, घंटाघर नाले के पास उड़िया मोहल्ला में लीकेज सुधार।
· वार्ड 32: पटैल मोहल्ला, एम.एल.बी. क्वार्टर, दद्दा परिसर के पीछे पाइप लाइन सुधार।
· वार्ड 34: सतना बिल्डिंग नाले से पाइप लाइन शिफ्टिंग, श्रीनाथ की तलैया, दत्त मंदिर, केशरवानी कॉलेज के सामने सुधार कार्य।
· अन्य क्षेत्र: मोतीलाल नेहरू वार्ड, जाकिर हुसैन वार्ड, राजेंद्र प्रसाद वार्ड, चितरंजन वार्ड, अशफाक उल्ला खां वार्ड, वार्ड 73, मदन महल वार्ड और गढ़ा वार्ड में भी लीकेज सुधार एवं पाइप शिफ्टिंग का कार्य पूरा किया गया।
कार्य जारी रहेगा, नागरिक करें संपर्क
अधीक्षण अभियंता श्री श्रीवास्तव ने बताया कि जलापूर्ति को दुरुस्त करने का यह बड़ा अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जलापूर्ति संबंधी कोई सुझाव या शिकायत हो तो वे नगर निगम मुख्यालय या अपने संभागीय कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।