युवा संगम रोजगार मेला 159 युवाओं को मिला नौकरी का अवसर - Bhaskar Crime

Breaking

युवा संगम रोजगार मेला 159 युवाओं को मिला नौकरी का अवसर

*युवा संगम रोजगार मेला 159 युवाओं को मिला नौकरी का अवसर*

*महाकोशल महाविद्यालय में आयोजित कॅरियर अवसर मेला रहा सफल*

विशेष रिपोर्टर जबलपुर, 19 फरवरी स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन योजना एवं जिला रोजगार कार्यालय, जबलपुर के संयुक्त तत्वावधान में आज शासकीय महाकोशल स्वशासी महाविद्यालय (प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस) में ”एक दिवसीय युवा संगम रोजगार एवं स्वरोजगार जिला स्तरीय वृहद कॅरियर अवसर मेला“ का सफल आयोजन किया गया

इस भव्य आयोजन में 159 युवाओं ने प्लेसमेंट के प्रथम चरण में ही चयनित होकर सफलता हासिल की, जो इस मेले की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। मेले में विभिन्न कंपनियों के लिए कुल 810 युवाओं ने ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से पंजीयन कराया था।

रोजगार मेला: युवाओं के लिए कॅरियर की दिशा तय करने का माध्यम

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विनीत रजक, महाप्रबंधक, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती पूजन के बाद युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, "युवाओं को रोजगार प्राप्त करने या स्वरोजगार स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। इस तरह के रोजगार मेले न केवल युवाओं को रोजगार देते हैं, बल्कि उनके कॅरियर की सही दिशा तय करने में भी सहायक होते हैं।" उन्होंने युवाओं से आत्मनिर्भर बनने और दूसरों को भी रोजगार प्रदान करने का आह्वान किया।

मेले में आकर्षण का केंद्र रही दिव्यांग विद्यार्थियों की प्रदर्शनी

मेला संयोजक प्रो.अरुण शुक्ल ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की और बताया कि यह मेला युवाओं को उद्योग जगत की मांग के अनुरूप तैयार करने का एक सशक्त मंच है। इस अवसर पर उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए महाविद्यालय के दिव्यांग विद्यार्थियों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इन उत्पादों की मेले में खूब बिक्री हुई और प्राप्त राशि दिव्यांग छात्र-छात्राओं को प्रदान की जाएगी।

एक ही स्थान पर मिले रोजगार और स्वरोजगार के अवसर

विशिष्ट अतिथियों में उपस्थित महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री आशीष राव एवं डॉ. नेहा दवे ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभदायक हैं, जहां उन्हें कॅरियर संबंधी समस्त जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो जाती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राचार्य डॉ. अलकेश चतुर्वेदी ने कहा कि यह मेला युवाओं के लिए एक ऐसा अवसर है, जहां उन्हें विभिन्न रोजगार एवं स्वरोजगार के विकल्प एक ही छत के नीचे मिलते हैं।

मेले में युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए जिला रोजगार कार्यालय, जिला व्यापार केन्द्र, श्रम विभाग और नेशनल कॅरियर सर्विस सेंटर के विशेष स्टॉल भी लगाए गए थे।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन डॉ. रविश ताजिर तमन्ना ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन एम.एस. मरकाम ने किया। इस अवसर पर  राजीव मिश्रा, डॉ. राजेश शामकुवंर, डॉ. ज्योति जुनगरे, डॉ. तृप्ति उकास सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।