पुलिस को बड़ी सफलता: हत्या के फरार सजायाफ्ता दोनों आरोपी भाई कानपुर से गिरफ्तार - Bhaskar Crime

Breaking

पुलिस को बड़ी सफलता: हत्या के फरार सजायाफ्ता दोनों आरोपी भाई कानपुर से गिरफ्तार

पुलिस को बड़ी सफलता: हत्या के फरार सजायाफ्ता दोनों आरोपी भाई कानपुर से गिरफ्तार

 14-15 प्रकरण: हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, लूट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर अपराधों में थे आरोपी।

· हाईकोर्ट ने जारी किया था स्थायी गिरफ्तारी वारंट, पुलिस अधीक्षक ने चार-चार हजार का रखा था इनाम।

विशेष रिपोर्टर जबलपुर। थाना हनुमानताल पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे दो सजायाफ्ता आरोपी भाइयों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। ये दोनों आरोपी 1997 में दर्ज हत्या के एक मामले में 1999 में माननीय सत्र न्यायालय, जबलपुर द्वारा आजीवन कारावास की सजा पाए थे।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान (1) राजेन्द्र मराठा पिता बसंत मराठा (25 वर्ष) और (2) नरबद मराठा पिता बसंत मराठा (32 वर्ष), निवासी बाबाटोला, जबलपुर के रूप में हुई है।

कैसे हुए फरार और कैसे हुई गिरफ्तारी?

माननीय उच्च न्यायालय, जबलपुर से जमानत मिलने के बाद दोनों आरोपी जबलपुर छोड़कर फरार हो गए थे। पुलिस द्वारा उनकी तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद माननीय उच्च न्यायालय ने उनके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया था। फरार वारंटियों की तलाश के लिए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) द्वारा प्रत्येक आरोपी पर चार-चार हजार रुपये के नगद पुरस्कार की घोषणा भी की गई थी।

टीम का गठन और सफल ऑपरेशन

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लंबित वारंटों की तामीली के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर  आयुष गुप्ता (भा.पु.से.) एवं नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर  मधुर पटेरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी हनुमानताल  सुभाष चंद बघेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम लगातार दोनों की पतासाजी में जुटी थी। हाल ही में विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों आरोपी कानपुर में छिपे हुए हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम को कानपुर रवाना किया गया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को कानपुर से गिरफ्तार कर लिया, जहां वे मजदूरी करके अपना जीवनयापन कर रहे थे। गिरफ्तारी के बाद आज दिनांक 14 फरवरी 2026 को दोनों को थाना हनुमानताल लाया गया। इसके बाद उन्हें माननीय मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के न्यायालय में पेश कर केन्द्रीय जेल जबलपुर भेज दिया गया।

शातिर अपराधी हैं दोनों भाई

पुलिस के अनुसार, ये दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं। आरोपी नरबद मराठा के विरुद्ध उसके अपराधी करियर में हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, लूट, मारपीट, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित पूर्व में 15 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं, राजेन्द्र मराठा के विरुद्ध 14 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

सराहनीय भूमिका

इस महत्वपूर्ण सफलता में उप निरीक्षक राजेश मिश्रा, उप निरीक्षक रोहिणी शुक्ला एवं प्रधान आरक्षक विनीत की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही।