*जमीनी विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, तीन फरार*
*रेकी करने वाले दौ आरोपी भी गिरफ्तार*
चीफ एडिटर/ जबलपुर रांझी थाना क्षेत्र के बड़ा पत्थर नरसिंहनगर में जमीनी विवाद को लेकर अंजाम दी गई एक खूनी वारदात में 39 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्होंने हत्या से पहले रेकी की थी और मृतक के स्कूल जाने के रास्ते के बारे में सटीक जानकारी मुख्य आरोपियों को दी थी।
घटना का विवरण
यह वारदात 23 अप्रैल, 2026 की सुबह करीब 8:30 बजे हुई। मृतक क्लीरेंस एटकिंस (39 वर्ष), निवासी बड़कू का बाड़ा, रांझी, एक बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन का काम करता था। वह अपने 5 वर्षीय बेटे को स्कूल छोड़कर मोटरसाइकिल से वापस लौट रहा था। जैसे ही वह अशोक मेडिकल के सामने बड़ा पत्थर नरसिंहनगर पहुंचा, तभी एक मोटरसाइकिल पर आए दो अज्ञात हमलावरों ने उसके सिर पर तमंचे से गोली मार दी और फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल क्लीरेंस को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां दोपहर लगभग 2:30 बजे उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
प्रशासनिक कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रांझी उमेश गोल्हानी अपने स्टाफ के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंचे। मृतक के परिजन रोनाल्ड एटकिंस की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 294/2026 धारा 109(1), 3(5) BNS व 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। बाद में मौत होने पर धारा 103(1) BNS भी बढ़ा दी गई।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता सीएसपी रांझी सतीश साहू और FSL अधिकारी डॉ. नीता जैन ने मौका-ए-वारदात का निरीक्षण किया। एसपी के आदेश पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए टीम बनाई गई।
गिरफ्तारी और खुलासा
पुलिस टीम ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज कर दी। मुखबिर की सूचना पर दीनदयाल चौक से तेजबल उर्फ अरुण रैकवार (20, निवासी सुआतला, नरसिंहपुर) और बरेला टोल प्लाजा के पास से मोहित ठाकुर (20, निवासी वर्षा हाउस, पुल नंबर 02, थाना कैंट) को गिरफ्तार किया गया। दोनों ने हत्या में शामिल होना स्वीकार किया। उनके कब्जे से बिना नंबर की हार्ले डेविडसन और CD-100 मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल जब्त किए गए।
वहीं, इस मामले के मुख्य आरोपी प्रिंस नेल्सन (22, निवासी बराट कंपाउंड, ओमती), अर्पित कुशवाहा (निवासी बराट कंपाउंड, ओमती) और विकास उर्फ बाबा उर्फ रिंकू नेल्सन की अभी भी तलाश जारी है।
हत्या की वजह: 15 एकड़ जमीन का विवाद
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मृतक क्लीरेंस एटकिंस और फरार आरोपी बाबा नेल्सन के बीच रायपुर (छत्तीसगढ़) के पास स्थित लगभग 15 एकड़ कृषि भूमि को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। जमीन के मालिक अजय खराड़कर ने बाबा नेल्सन और अन्य साझेदारों की सहमति से यह जमीन मीनाक्षी विश्वकर्मा (निवासी छिंदवाड़ा) के नाम रजिस्टर कर दी थी। इस पर क्लीरेंस ने रजिस्ट्री रद्द कराने के लिए रायपुर कोर्ट में सिविल सूट दायर कर दिया था। बाबा नेल्सन इस सौदे में मध्यस्थ था और वह चाहता था कि क्लीरेंस अपना केस वापस ले ले, इसी बात पर दोनों में तनाव था।
रेकी करने वाले आरोपी भी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों मोहित ठाकुर और अरुण रैकवार ने पुलिस को बताया कि बाबा नेल्सन के कहने पर उसके बेटे प्रिंस ने हत्या की योजना बनाई। 23 अप्रैल की सुबह दो मोटरसाइकिलों पर चारों आरोपी बड़ा पत्थर पहुंचे। मोहित और अरुण ने मृतक के घर से स्कूल निकलने का सिग्नल दिया (रेकी की), जबकि प्रिंस और अर्पित ने दूसरी मोटरसाइकिल से पीछा करते हुए शिवशक्ति चौराहे के पास उसे गोली मार दी।
पुलिस की सराहना
गौरतलब है कि इस अंधी हत्या का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी के नेतृत्व में उप निरीक्षक मयंक यादव, प्रधान आरक्षक सुनील दुबे, पुरुषोत्तम, चन्द्रमान और आरक्षक मनीष की टीम ने सराहनीय कार्य किया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
