अवैध मादक पदार्थ के कारोबार पर जबलपुर पुलिस का बड़ा एक्शन:
7 आरोपी गिरफ्तार, 42 किलो से अधिक मादक पदार्थ बरामद
क्राइम ब्रांच और कई थानों की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता
चीफ एडिटर जबलपुर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। क्राइम ब्रांच, थाना तिलवारा, भेड़ाघाट, कटंगी और माढ़ोताल पुलिस की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कुल 42 किलो 241 ग्राम मादक पदार्थ के साथ 2 महिलाओं समेत 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थों के अलावा तस्करी में इस्तेमाल ट्रक, कार, स्कूटी, नकदी और 10 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
कितना मादक पदार्थ बरामद हुआ और उसकी कीमत?
· गांजा: 11 किलो 237 ग्राम (अनुमानित कीमत: 5,61,850 रुपये)
· डोडा चूरा: 30 किलो 631 ग्राम (अनुमानित कीमत: लगभग 2 लाख रुपये)
· बिक्री की नकदी: 50,000 रुपये
· जब्त वाहन व मोबाइल: ट्रक, कार, स्कूटी और 10 मोबाइल फोन
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के सख्त निर्देश पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने सभी अधिकारियों को मादक पदार्थों और अवैध शराब के तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा आशीष जैन, एसडीओपी अपराध श्री उदयभान बागरी, एसडीओपी बरगी, माढ़ोताल और पाटन के मार्गदर्शन में यह संयुक्त अभियान चलाया गया।
अलग-अलग थानों में हुई कार्रवाइयां:
1. थाना तिलवारा 6 किलो गांजा के साथ एक गिरफ्तार (8 जून 2026)
पेट्रोलिंग के दौरान होटल आर्विट के पास दो संदिग्ध युवक बैग लेकर खड़े मिले। पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, जिसमें एक को पकड़ लिया गया। पकड़े गए ललित कहार के बैग से 6 किलो 178 ग्राम गांजा बरामद हुआ। कीमत लगभग 3,08,900 रुपये। उसने बताया कि साथी सुमित पटैल उड़ीसा से गांजा लाता है। दोनों पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई।
2. थाना तिलवारा – युवक-युवती के पास से 5 किलो गांजा (9 जून 2026)
ICMR के पास एक युवक और युवती स्कूटी के पास खड़े मिले। पुलिस को देखकर भागे, लेकिन घेराबंदी कर रोक लिया। सचिन सोनी के पीठ पर बंद बैग से 5 किलो 59 ग्राम गांजा (कीमत 2,52,950 रुपये) बरामद हुआ। साथी मानसी निषाद के पास से स्कूटी जब्त की। दोनों कटनी जिले के बताए गए। एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज।
3. थाना कटंगी – ट्रक से 18 किलो डोडा चूरा बरामद, 5 आरोपी (8 जून 2026)
प्रज्ञाधाम-पड़रिया तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रक तेज रफ्तार से आया। उसे रोकने पर केबिन में सीट के नीचे से 73 पैकेटों में 18 किलो 130 ग्राम डोडा चूरा मिला (कीमत लगभग 1,16,800 रुपये)। ट्रक चालक पंकज साहू, हेल्पर उदयचंद काछी और डबरा निवासी अजय रावत, सोनू शर्मा, सोनी ठाकुर सहित 5 आरोपी बनाए गए। डोडा चूरा डबरा के अजय रावत ने जबलपुर के सोनू शर्मा और सोनी ठाकुर को भेजना था।
4. थाना भेड़ाघाट – महिला आरोपी के घर से 5.8 किलो डोडा चूरा जब्त (8 जून 2026)
कटंगी के मामले में फरार महिला आरोपी सोनी ठाकुर की तलाश में रॉयल सिटी चौकीताल स्थित उसके घर पहुंची पुलिस को एक कमरे से प्लास्टिक बोरी में 5 किलो 870 ग्राम डोडा चूरा मिला। उसने बताया कि यह पंकज साहू और उदयचंद ने 10 दिन पहले दिया था। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15/29 के तहत कार्रवाई।
5. थाना माढ़ोताल – 6.6 किलो डोडा चूरा, 50 हजार नकद और 8 मोबाइल जब्त (8 जून 2026)
मुखबिर की सूचना पर शारदा नगर में दबिश दी गई। आरोपी रंजीत कुमार शर्मा उर्फ सोनू के घर और कार में कुल 6 किलो 628 ग्राम डोडा चूरा, तस्करी के 50,000 रुपये और 8 मोबाइल मिले। उसने बताया कि यह डोडा चूरा अजय रावत ने पंकज साहू व उदयचंद के ट्रक से मंगवाया था। कार (MP20 CG7971) भी जब्त की गई।
इन अधिकारियों और कर्मचारियों की रही अहम भूमिका
उल्लेखनीय भूमिका- अवैध मादक पदार्थ के कारोबार मे लिप्त आरोपी को पकडने में थाना प्रभारी माढोताल वीरेन्द्र सिंह पवार, सहायक उप निरीक्षक रणजीत सिंह ठाकुर, पंचम लाल, प्रधान आरक्षक तरूण रोहिताश, मुनीम मर्स्काेले, अपराध थाना प्रभारी शैलेष मिश्रा के निर्देशन में क्राईम ब्रांच के उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह, सहायक उप निरीक्षक नरेश पासी, अनिल पाण्डे, प्रधान आरक्षक अखिलेश पाण्डे, राजेश पाण्डे आरक्षक रंजीत यादव, राजेश मिश्रा, गोविंद राय, प्रदीप तेकाम, महिला आरक्षक दीप्ति मिश्रा, नीलम तिवारी तथा सायबर सेल के उनि कपूर सिंह मरावी, प्रधान आरक्षक अमित पटेल, पवन डेहरिया, सलिल तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।
