शोभापुर क्षेत्र में बमबाजी के मामले में बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार, तीन अभी फरार
चीफ एडिटर जबलपुर विगत दिनों थाना रांझी के शोभापुर क्षेत्र में हुई सनसनीखेज बमबाजी की घटना में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने इस मामले में दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन मुख्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं जिसकी तलाश कि जा रही है
क्या थी घटना
गौरतलब है कि 28 मई को शोभापुर क्षेत्र में बंटी रजक के घर और एक शराब की दुकान पर अज्ञात लोगों ने बमबाजी की थी। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी थी।
गिरफ्तार आरोपी कौन हैं?
पुलिस के अनुसार, आज गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम हैं:
· अमर खरे (निवासी संजय नगर)
· सोनू उर्फ विजय पटेल (निवासी संजय नगर)
दोनों को रांझी सीएसपी सतीश साहू के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी उमेश गोहलानी तथा उनकी टीम की लगातार दबिश के बाद गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों की भूमिका
जांच में सामने आया कि घटना के मुख्य आरोपी पवन रजक और प्रवीण रजक ने इन दोनों को संजय नगर से बुलाया था। बमबाजी की घटना को अंजाम देने में अमर खरे और सोनू ने मुख्य आरोपियों का सक्रिय रूप से सहयोग किया। घटना के दौरान ये दोनों एक वाहन में सवार होकर मुख्य आरोपियों के साथ मौजूद थे।
पुलिस ने क्या बरामद किया
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक एक्सेस मोटरसाइकिल को जब्त किया है।
तीन आरोपी अब भी फरार
फिलहाल इस प्रकरण के मुख्य आरोपी पवन रजक, प्रवीण रजक और एक अन्य आरोपी देवू अन्ना फरार हैं। पुलिस का कहना है कि इनकी तलाश के लिए विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
आगे की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और शीघ्र ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फरार आरोपियों की सूचना देने वाले को पुरस्कार की घोषणा भी की जा सकती है
