जिला पंचायत का लेखापाल 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार - Bhaskar Crime

Breaking

जिला पंचायत का लेखापाल 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

*भ्रष्टाचार पर लोकायुक्त का डंडा: जिला पंचायत का लेखापाल 5 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार*

*एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई, निलंबित सचिव की बहाली के नाम पर मांगी थी रिश्वत*

विशेष रिपोर्टर कटनी। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की मुहिम लगातार जारी है। गुरुवार दोपहर जबलपुर लोकायुक्त टीम ने जिला पंचायत कार्यालय में दबिश देकर लेखापाल सतेंद्र सोनी को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पिछले एक सप्ताह में जिले में हुई दूसरी बड़ी भ्रष्टाचार निरोधक कार्रवाई है, जिससे महकमे में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, एक ग्राम पंचायत सचिव को सेवा से अलग किए जाने के बाद उनकी बहाली की फाइल लंबित थी। आरोपी लेखापाल ने इस फाइल को आगे बढ़ाने के एवज में 5,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। तंग आकर पीड़ित सचिव ने जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त की 5 सदस्यीय टीम ने जाल बिछाया। पीड़ित सचिव ने केमिकल युक्त नोट आरोपी को सौंपे, जैसे ही उसने रिश्वत ली, टीम ने उसे दबोच लिया। रासायनिक परीक्षण में आरोपी के हाथ गुलाबी हो जाने से उसके अपराध की पुष्टि हो गई। लोकायुक्त टीम ने आरोपी के खिलाम भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व जल संसाधन विभाग के एक कार्यपालन यंत्री को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए पकड़ा जा चुका है। लोकायुक्त की ये लगातार कार्रवाइयां प्रशासनिक गलियारों में साफ संकेत दे रही हैं कि भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।