*जबलपुर पुलिस की सख्त रात्रि को बार और रेस्टोरेंट पर कार्रवाई*
*पुलिस अधीक्षकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में थाना प्रभारियों के साथ मिलकर सघन चौकिंग व सर्चिंग अभियान चलाया*
*सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर चेकिंग अभियान तेज*
विशेष रिपोर्टर जबलपुर/ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और रात्रिकालीन अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए जबलपुर पुलिस ने विशेष चौकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले 29 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई तथा नियमों की अवहेलना कर रात 12 बजे के बाद भी खुले पाए गए तीन बार/रेस्टोरेंट के प्रबंधकों को कड़ी हिदायत दी गई।
· एसपी के आदेश: पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने रात 9 से 12 बजे तक चौकिंग प्वाइंट लगाने, शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, संवेदनशील इलाकों में सर्चिंग और रात 12 बजे से पहले होटल/रेस्टोरेंट/बार बंद करने के निर्देश दिए।
· 29 ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई: दिनांक 7 फरवरी, 2026 को हुई चौकिंग के दौरान नशे में वाहन चलाते पकड़े गए 29 चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहन जब्त किए गए। मामले संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
· समय के बाद खुले बार पर शिकंजा: अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में देर रात चौकिंग की गई। थाना मदनमहल क्षेत्र में 'ओपीएम बार एंड रेस्टोरेंट', कोतवाली क्षेत्र में 'डिकासा बार' तथा गोराबाजार क्षेत्र में 'लॉर्ड ऑफ द ड्रिंक्स रेस्टोरेंट एंड बार' रात 12 बजे के बाद भी चालू पाए गए। इनमें शराब परोसी जा रही थी और भोजन एवं मनोरंजन की सुविधाएं चल रही थीं।
· कार्रवाई: इन तीनों बारों के प्रबंधकों को नियमानुसार रात 12 बजे से पहले बार बंद करने की कड़ी हिदायत दी गई। नियम उल्लंघन की वैधानिक कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को सूचित किया गया है।
· वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति: इस विशेष अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री आयुष गुप्ता सहित सभी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों के मार्गदर्शन में किया गया। सभी नगर पुलिस अधीक्षकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में थाना प्रभारियों के साथ मिलकर सघन चौकिंग व सर्चिंग अभियान चलाया।
उद्देश्य: पुलिस प्रशासन का यह अभियान सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने, नशे में वाहन चलाने के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और रात्रि के समय शहर व ग्रामीण इलाकों में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाने के लिए चलाया जा रहा है। ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।