*शादी से लौटते ही सफाई बीट पर पहुंची 'स्वच्छता दीदी', निगमायुक्त ने की तारीफ*
*कर्तव्य की चमक: शादी से लौटते ही सीधे 'बीट' पर पहुंचीं स्वच्छता दीदी मोना*
विशेष रिपोर्टर जबलपुर। आमतौर पर शादी की रात के बाद थकान और आराम का दौर होता है, लेकिन जबलपुर नगर निगम की स्वच्छता नायिका मोना ने साबित कर दिया कि कर्तव्य के आगे हर चीज फीकी है। रातभर शादी समारोह में व्यस्त रहने के बाद भी उन्होंने आराम को नहीं बल्कि शहर की सफाई को पहली प्राथमिकता दी।
सुबह जब निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार शहर की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करने निकले, तो उन्हें एक अनोखा नजारा देखने को मिला। एक महिला सफाई मित्र बिना वर्दी के पूरी तन्मयता से सड़क साफ कर रही थीं। निगमायुक्त ने जब इसका कारण पूछा, तो मोना दीदी का जवाब सुनकर वे भावुक हो गए।
"सर जी, रात भर शादी में थी, अभी अभी वहां से निकली हूं। वर्दी बदलने का समय नहीं मिला, पर बीट पर सफाई के लिए आना था।" मोना दीदी के इस समर्पण ने निगमायुक्त का दिल जीत लिया। उन्होंने तुरंत अपने स्टाफ से कहा, "आज की सच्ची नायिका हैं मोना। यही जुनून हमारे शहर को नंबर वन बनाएगा।"
निगमायुक्त श्री अहिरवार ने कहा कि 'कर्म ही पूजा है' की इस परंपरा को मोना दीदी जैसी कर्मठ नायिकाएं ही चरितार्थ कर रही हैं। उन्होंने मोना को प्रोत्साहित किया और उनके इस जज्बे के लिए मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
इस अवसर पर उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन, सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा, संभागीय अधिकारी सागर बोरकर, सुदीप पटेल, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र राज, अर्जुन यादव, पोला राव सहित सभी संबंधित मुख्य स्वच्छता निरीक्षक उपस्थित थे।
