नर्मदा तट पर बड़ी कार्रवाई: प्लास्टिक कोटेड दोने बेचने वाले 22 दुकानदारों पर नगर निगम का शिकंजा, स्पॉट फाइन वसूला
चीफ रिपोर्टर जबलपुर। नर्मदा की पवित्रता और गौरीघाट की स्वच्छता से समझौता करने वालों पर नगर निगम ने सख्ती बरतते हुए बड़ी कार्यवाही की है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग ने विशेष अभियान चलाकर प्लास्टिक कोटेड दोने बेचने वाले 22 दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्यवाही की और मौके पर ही 4,800 रुपये का स्पॉट फाइन वसूला।
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशों के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक और प्रतिबंधित पॉलिथीन के क्रय-विक्रय पर रोक के बावजूद कई दुकानदार नियमों की अनदेखी कर रहे थे। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर चली इस कार्यवाही के दौरान दुकानों से भारी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री भी जप्त की गई।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्लास्टिक कोटेड दोने न केवल नर्मदा के जल को प्रदूषित करते हैं, बल्कि जलीय जीवों के लिए भी घातक हैं। गौरीघाट को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए यह कार्रवाई अमल में लाई गई। चालान के साथ-साथ अन्य दुकानदारों को पर्यावरण-अनुकूल सामग्री का ही उपयोग करने की हिदायत भी दी गई।
कार्यवाही में सहायक स्वास्थ्य अधिकारी अनिल बारी, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक वैभव तिवारी, स्वास्थ्य निरीक्षक अमन चौरसिया समेत सुपरवाइजर सुरेश, राजेश, राज अर्खेल एवं अमर की टीम शामिल रही। निगम ने स्पष्ट संदेश दिया है कि नर्मदा की अविरलता और स्वच्छता से कोई समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
