*ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचा परिवार, नौ पुलिसकर्मियों को भव्य विदाई*
*पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के मार्गदर्शन में यह विदाई समारोह आयोजित किया गया*
चीफ रिपोर्टर जबलपुर। आज सेवा के 34 से 41 वर्षों के बाद जिले में पदस्थ नौ अधिकारियों और कर्मचारियों ने शासकीय सेवा से विदाई ली। पुलिस कंट्रोल रूम जबलपुर में आयोजित समारोह में सेवानिवृत्त होने वाले सभी कर्मियों को भावभीनी विदाई दी गई। वहीं, घर पहुंचने पर उनके स्वजनों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी ने रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य की उपस्थिति में सभी सेवानिवृत्त कर्मियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान अवकाश नगदीकरण, बीमा, पेंशन और ग्रेच्युटी के दस्तावेज भी उन्हें सौंपे गए।
"इन अधिकारियों-कर्मचारियों को मिली विदाई"
· कार्यवाहक निरीक्षक लखन चौधरी (पुलिस लाइन)
· कार्यवाहक निरीक्षक हरदयाल सिंह (थाना प्रभारी मझगवा)
· कार्यवाहक उप निरीक्षक बिनोद दुबे
· सहायक उप निरीक्षक बैजनाथ प्रसाद दुबे (एस.बी. कार्यालय)
· उप निरीक्षक (एम) शीतला देवी तिवारी (पुलिस अधीक्षक कार्यालय)
· कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक कमलेश सिंह ठाकुर
· कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार मन्नेवार
· कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार तिवारी
· कार्यवाहक प्रधान आरक्षक रामकुमार मिश्रा (थाना चरगवाँ)
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि सभी की सेवा अवधि शानदार, यादगार और बेदाग रही। उन्होंने निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया और जबलपुर पुलिस को सराहनीय योगदान दिया। सेवानिवृत्त कर्मियों को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने कहा कि सेवाकाल की भांति सेवानिवृत्ति के बाद भी वे सुखमय और स्वस्थ जीवन व्यतीत करें। उन्हें आश्वस्त किया गया कि यदि कभी कोई समस्या आती है तो वे बेहिचक संपर्क कर सकते हैं, और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा।

