एसपी का सख्त एक्शन: लापरवाह विवेचकों पर जुर्माना, अब नहीं चलेगी कोताही - Bhaskar Crime

Breaking

एसपी का सख्त एक्शन: लापरवाह विवेचकों पर जुर्माना, अब नहीं चलेगी कोताही

*एसपी का सख्त एक्शन: लापरवाह विवेचकों पर जुर्माना, अब नहीं चलेगी कोताही*

*लापरवाही पर 500 रुपये का जुर्माना,महिला सुरक्षा और बदमाशों पर शिकंजा*

विशेष संवाददाता कटनी/ जिले में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाते हुए लापरवाह विवेचकों को आर्थिक दंड देना शुरू कर दिया है। मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम में हुई अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने साफ कर दिया कि समय सीमा में मामलों का निराकरण नहीं करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

"लापरवाही पर 500 रुपये का जुर्माना"

बैठक में कई विवेचकों द्वारा लंबित अपराधों का निर्धारित समय पर निपटारा न करने पर एसपी ने कड़ी नाराजगी जताई। तुरंत प्रभाव से संबंधित विवेचकों पर 500-500 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अब हर मामले की विवेचना समयसीमा के भीतर पूरी करना अनिवार्य होगा।

प्रमुख बिंदु जिनपर हुई सख्ती

बैठक में एसपी ने कई अहम मुद्दों की विस्तृत समीक्षा की:

· ऑपरेशन मुस्कान व शिकंजा - गुमशुदा बच्चों की तलाश और अपराधियों पर शिकंजा कसने की प्रगति देखी गई

· संपत्ति अपराध - चोरी व लूट के मामलों में बरामदगी दर बढ़ाने के निर्देश

· यातायात - शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर धारा 185 के तहत सख्त कार्रवाई जारी रखने को कहा

· सीएम हेल्पलाइन - शिकायतों का प्राथमिक स्तर पर ही जल्द निराकरण सुनिश्चित करने का आदेश

"महिला सुरक्षा और बदमाशों पर शिकंजा"

महिलाओं से जुड़े अपराधों को एसपी ने सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में विवेचना जल्द से जल्द पूरी कर चालान अदालत में पेश किया जाए, ताकि पीड़िताओं को समय पर न्याय मिल सके।

इसके अलावा, क्षेत्र के सूचीबद्ध गुंडा-बदमाशों और निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग करने तथा उनकी हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने के सख्त निर्देश दिए गए।

बैठक के समापन पर एसपी ने सभी अधिकारियों को पूरी निष्ठा व तत्परता से ड्यूटी करने की हिदायत दी, चेतावनी देते हुए कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।