*मध्य प्रदेश में भीषण लू का कहर: खजुराहो में पारा 47.5 डिग्री, 55 शहरों में पारा 45 के पार*
चीफ एडिटर भोपाल। प्रदेश भर में भीषण गर्मी ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार को पूरे मध्य प्रदेश ने तापमान का रिकॉर्ड तोड़ दिया। छतरपुर जिले के खजुराहो में पारा 47.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि नौगांव में 47 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार को भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में तीव्र लू का अलर्ट जारी किया है, जहां पारा 48 डिग्री या उससे अधिक रह सकता है।
55 शहरों में 45 डिग्री के पार तापमान
प्रदेश के 55 शहर ऐसे हैं, जहां इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 45 डिग्री या उससे अधिक रिकॉर्ड किया गया। राजधानी भोपाल में भी पारा 45 डिग्री पहुंच गया, जिससे सड़कें तक पिघल गईं।
खजुराहो में इतिहास का दूसरा सबसे गर्म दिन
खजुराहो में सोमवार का तापमान इतिहास का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा। इससे पहले 20 अप्रैल 2005 को यहां 47.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस बार यह आंकड़ा बराबर हो गया है।
प्रमुख शहरों का तापमान:
· इंदौर: 45.5 डिग्री
· ग्वालियर: 46.1 डिग्री
· उज्जैन: 45 डिग्री
· जबलपुर: 45.4 डिग्री
किन जिलों में लू का अलर्ट?
मौसम विभाग ने निम्नलिखित जिलों में हीट वेव (लू) की चेतावनी दी है:
· भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर (तीव्र लू)
· भोपाल, ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, धार, बड़वानी, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, सीहोर, विदिशा, रायसेन, नरसिंहपुर, सागर, दमोह, पन्ना, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना
इन जिलों में नहीं है लू अलर्ट, लेकिन गर्मी रहेगी
जबलपुर, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, सतना, मैहर, रीवा, सीधी और सिंगरौली में लू का अलर्ट तो जारी नहीं किया गया है, लेकिन यहां भी तेज गर्मी का असर रहेगा।
मौसम विभाग की सलाह
विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।