नशा मुक्त मध्य प्रदेश अभियान:नशीले इंजेक्शन और गांजा के दो तस्कर गिरफ्तार - Bhaskar Crime

Breaking

नशा मुक्त मध्य प्रदेश अभियान:नशीले इंजेक्शन और गांजा के दो तस्कर गिरफ्तार

     *नशा मुक्त मध्य प्रदेश अभियान*

*क्राइम ब्रांच की बड़ी सफलता, नशीले इंजेक्शन और गांजा के दो तस्कर गिरफ्तार*

125 नशीले इंजेक्शन, 430 ग्राम गांजा और 18 हजार रुपये नकद बरामद

चीफ एडिटर जबलपुर। नशा मुक्त मध्य प्रदेश अभियान के तहत जबलपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। क्राइम ब्रांच और थाना हनुमानताल की संयुक्त टीम ने नशीले इंजेक्शन एवं अवैध मादक पदार्थ गांजा के कारोबार में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 125 नग नशीले इंजेक्शन, 430 ग्राम गांजा और नशीले पदार्थों की बिक्री से प्राप्त 18 हजार रुपये नकद जब्त किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय  के निर्देश पर सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थ, शराब की तस्करी तथा नशीले इंजेक्शन के कारोबार में लिप्त असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए गए थे। इन्हीं आदेशों के अनुपालन में यह कार्रवाई अमल में लाई गई।

पुलिस टीम की सतर्कता से पकड़े गए आरोपी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध  जितेंद्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर  मधुर पटेरिया एवं उप पुलिस अधीक्षक अपराध  उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच को मुखबिर से सूचना मिली कि प्रेम सागर चौकी के पास राजेश्वरी माता मंदिर के आगे सड़क पर कुछ लोगों को भीड़ लगाकर खड़े देखा गया। जो कई दिनो से नशीली इंजेक्शन और गांजा का कारोबार कर रहा था उनमें से एक के हाथ में प्लास्टिक की पन्नी थी तो दूसरा सफेद रंग का थैला लिए हुए था। संदेह होने पर दोनों को  हिरासत में ले लिया गया।

आरोपियों ने बताए अपने नाम,पूछताछ में दोनों ने अपने नाम क्रमशः:

· साहिल सोनकर (उम्र 23 वर्ष), निवासी साहू मोहल्ला, प्रेमसागर, थाना हनुमानताल

· सावन सोनकर (उम्र 21 वर्ष), पिता सुदेश उर्फ सिद्धू सोनकर, निवासी साहू मोहल्ला, प्रेमसागर, थाना हनुमानताल

बताया। दोनों आपस में भाई हैं।

तलाशी में मिला खतरनाक जखीरा

साहिल सोनकर के थैले की तलाशी में तीन प्लास्टिक पन्नियां मिलीं:

पहली पन्नी - नशीले इंजेक्शन 'ब्यूप्रेनॉर्फीन इंजेक्शन IP 0.3' (रेक्सोजेसिक) के 16 पैकेट तथा 'प्लेजेसिक ब्यूप्रेनॉर्फीन' के 4 पैकेट। प्रत्येक पैकेट में 5-5 इंजेक्शन थे। कुल मिलाकर 2 एमएल के 100 एंपूल, प्रत्येक इंजेक्शन में 3 एमजी ब्यूप्रेनॉर्फीन ड्रग है।

दूसरी पन्नी - 'एविल 10 एमएल फेनारेमाइन मैलिएट इंजेक्शन' के 25 नग (कीमत लगभग 5,096 रुपये)

तीसरी पन्नी - नशीले पदार्थों की बिक्री के फुटकर नोटों की 9 गड्डियों में 18,000 रुपये नकद

सावन सोनकर के हाथ में लाल रंग की प्लास्टिक पन्नी थी, जिसके अंदर 20 पन्नियों के पैकेट में अवैध मादक पदार्थ गांजा और एक बटनदार चैनी चाकू मिला। एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तौल करने पर 430 ग्राम गांजा पाया गया।

कारोबार का खुलासा: शीतला माई से आता था सप्लाई

साहिल सोनकर ने पूछताछ में बताया कि वह शीतला माई निवासी सिद्धार्थ शर्मा से इंजेक्शन खरीदकर लाता है। नशा करने वालों को एक सेट (प्लेजेसिक/रेक्सोजेसिक में से एक + एक एविल) बनाकर 300 रुपये में बेचता है। उसने यह भी स्वीकार किया कि उसे इन दवाओं के उपयोग की कोई जानकारी नहीं है, वह केवल नशे के लिए ये इंजेक्शन बेच रहा था।

सावन सोनकर ने बताया कि वह अपने जीजा ऋषि सोनकर (निवासी ब्योहार बाग) से गांजा खरीदकर लाता है और एक पुड़िया 300 रुपये में ग्राहकों को बेचता है।

जानलेवा खेल: ओवरडोज से मौत की आशंका के बावजूद बेच रहे नशीला सामान

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी भाई हैं। वे यह जानते हुए भी कि इन इंजेक्शनों के उपयोग से मानव शरीर को गंभीर क्षति पहुंच सकती है और ओवरडोज से मौत भी हो सकती है, छिपकर लोगों को यह सामान बेचकर अवैध लाभ कमा रहे थे।

किन धाराओं में हुई कार्रवाई

आरोपियों के खिलाफ निम्नलिखित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है:

· एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20, 8/22, 29

· ड्रग कंट्रोल अधिनियम की धारा 5/13

· औषधि प्रसाधन अधिनियम की धारा 18(बी), 123

· बीएनएस की धारा 3/5

· आर्म्स एक्ट की धारा 25

इन अधिकारियों और कर्मचारियों की रही अहम भूमिका

इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी अपराध  शैलेष मिश्रा के निर्देशन में निम्नलिखित टीम की सराहनीय भूमिका रही:

क्राइम ब्रांच से:

विशेष कार्यवाही में उप निरीक्षक प्रभाकर सिंह सहायक उप निरीक्षक अशोक मिश्रा, मोहन तिवारी, संतोष पाण्डेय,प्रशांत सोलंकी , प्रधान आरक्षक मोहन सिंह, हितेंद्र, वीरेंद्र सिंह, आरक्षक रितेश शुक्ला, पंकज सिंह, सतेंद्र विशेन, अजीत सिंह, जय प्रकाश तिवारी, राजेश मिश्रा, राजेश मात्र, शिव सिंह बघेल, इंद्रजीत यादव एवं प्रीतम उपाध्याय की भूमिका रही।

आगे की जांच जारी

पुलिस ने बताया कि इस अवैध कारोबार के सरगना सिद्धार्थ शर्मा और ऋषि सोनकर की तलाश की जा रही है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे और सप्लायरों तथा ग्राहकों के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है। पुलिस अधीक्षक ने इस सफल कार्रवाई पर पूरी टीम को बधाई दी है और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।