*बाईपास पर भीषण सड़क हादसा, बाइक और स्कॉर्पियो की टक्कर में कई घायल*
विशेष संवाददाता छतरपुर | लहार बाईपास स्थित जमुंहा चौराहा पर एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने की टक्कर हो गई. इस हादसे में दो लोगों की हालत मरणासन्न बताई जा रही है, वहीं एक नाबालिक लड़की भी गंभीर रूप से घायल हो गई है.
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद बाइक के परखच्चे उड़ गए और स्कॉर्पियो को भी भारी क्षति पहुंची. आसपास के लोगों ने तुरंत ही घायलों को बाहर निकाला और आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया. सूत्रों ने बताया घायलों में एक नाबालिक लड़की भी शामिल है, जिसकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है.
स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण यह हादसा हुआ. पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
फिलहाल स्थानीय प्रशासन ने इस मार्ग पर यातायात को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं और लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है. इस हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर है और घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मुआवजे की भी बात कही है.