रक्षाबंधन और सावन के अवसर पर डाकघर में स्पेशल राखी काउंटर शुरू किया जाएगा - Bhaskar Crime

Breaking

रक्षाबंधन और सावन के अवसर पर डाकघर में स्पेशल राखी काउंटर शुरू किया जाएगा

*राखी और पवित्र गंगाजल दोनों की सुविधा एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगी*

*डाकघर की विशेष सुविधा 185 से अधिक देशों में राखी भेज सकेंगी*

विशेष संवाददाता क्राइम भास्कर न्यूज कटनी। रक्षाबंधन और सावन के पावन अवसर पर दूर-दराज रह रहे अपनों तक प्यार पहुंचाने के लिए कटनी प्रधान डाकघर ने खास तैयारियाँ की हैं। इस बार शहरवासियों को राखी और पवित्र गंगाजल दोनों की सुविधा एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगी।
 राखी के लिए स्पेशल काउंटर और सेवाएं
त्योहार के दौरान बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए, कटनी प्रधान डाकघर में एक विशेष 'राखी काउंटर' शुरू किया जाएगा। यहां आपको राखी की बुकिंग से लेकर उसकी पैकिंग तक, डाक से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही जगह मिल जाएंगी। बरसात के मौसम को देखते हुए राखियों को सुरक्षित भेजने के लिए वाटरप्रूफ लिफाफे और खास राखी बॉक्स भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि बारिश में भी आपका प्यार सुरक्षित पहुंचे।
 विदेश और दूरदराज के लिए आसान व्यवस्था
अगर आपका भाई विदेश में है, तो डाक विभाग ने उसके लिए भी खास इंतजाम किया है। इंटरनेशनल ट्रैक्ड पैकेट सर्विस (ITPS) के जरिए आप 185 से अधिक देशों में राखी भेज सकेंगी। इस सेवा की सबसे अच्छी बात यह है कि आप ऑनलाइन ट्रैकिंग के जरिए अपनी राखी को लाइव ट्रैक कर सकेंगी, यानी पता चलता रहेगा कि आपका प्यार कहां पहुंचा है।
· निःशुल्क पिकअप सेवा: विदेश भेजी जाने वाली राखियों के लिए डाक विभाग ने निःशुल्क पिकअप की सुविधा भी शुरू की है। इसका लाभ लेने के लिए आपको बस व्हाट्सएप नंबर 7587598077 पर अपना नाम और पता भेजना होगा। डाक विभाग की टीम आपके घर आकर राखी ले जाएगी।
· शुल्क: विदेश राखी भेजने का शुल्क देश के अनुसार अलग-अलग है। उदाहरण के लिए, अमेरिका के लिए 400 रुपये, जबकि पड़ोसी देश भूटान या चीन के लिए 185 रुपये का बेस प्राइस है। हालांकि, डाक विभाग ने अपील की है कि राखी समय पर पहुंचे, इसके लिए कम से कम 20 दिन पहले बुकिंग करा लें।
सावन में उपलब्ध होगा पवित्र गंगाजल
सावन माह की धार्मिक आस्था को देखते हुए कटनी प्रधान डाकघर में गंगोत्री धाम का पवित्र गंगाजल भी उपलब्ध कराया गया है। अब आप राखी बुक कराने के साथ-साथ घर बैठे ही पूजा-पाठ के लिए गंगाजल भी प्राप्त कर सकते हैं। त्योहार के दौरान किसी भी असुविधा से बचने के लिए डाक विभाग ने सभी से समय रहते राखी बुक कराने की अपील की है।