- Bhaskar Crime

Breaking

*एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट तुरंत लागू करें, महिला अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें*

*मुख्यमंत्री को समाजसेवी और अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी का पूरे प्रदेश में एडवोकेट एक्ट की मांग*

विशेष रिपोर्टर कटनी (मध्य प्रदेश)। प्रदेश के अधिवक्ताओं, विशेषकर महिला अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर एक बड़ी मांग सामने आई है। समाजसेवी एवं अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी के नेतृत्व में जिला न्यायालय परिसर में महिला अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को ज्ञापन भेजकर पूरे प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल लागू करने की मांग की है।

यह कार्रवाई हाल ही में शिवपुरी में अधिवक्ता संजय सक्सेना की गोली मारकर की गई निर्मम हत्या के विरोध में की गई। अधिवक्ताओं ने इस घटना को घोर निंदनीय बताते हुए पूरे समुदाय में व्याप्त भय और आक्रोश को व्यक्त किया।

ज्ञापन सौंपते हुए अधिवक्ता रेखा अंजू तिवारी ने अपने ओजस्वी विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान विषम परिस्थितियों में महिला अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है और यह समय की मांग बन चुकी है। उन्होंने यह भी मांग की कि मृत अधिवक्ता के परिवार के एक सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति दी जानी चाहिए।

इस अवसर पर जिला अधिवक्ता संघ के उपाध्यक्ष एड. संतु परौहा ने कहा कि साथी अधिवक्ता की हत्या से समस्त अधिवक्ता समाज में भय, आक्रोश और असुरक्षा की गहरी भावना व्याप्त है। उन्होंने भी अतिशीघ्र एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग का समर्थन किया।

अधिवक्ता शिखा पांडेय ने सख्त लहजे में कहा कि यदि आगामी सात दिनों के भीतर अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो महिला अधिवक्ता समुदाय बाध्य होकर एक व्यापक लोकतांत्रिक जन-आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने इस दर्दनाक घटना के मद्देनजर शासन-प्रशासन से विशेष रूप से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

जिला अधिवक्ता संघ की कार्यकारिणी सदस्य माधवी पांडेय ने शासन-प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उनके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

ज्ञापन देने वालों में इन प्रमुख अधिवक्ताओं के अलावा श्रीमति रेनू सिंह सोलंकी, एड. मेघा शर्मा, एड. माहेश्वरी विश्वकर्मा, एड. शीतल पटेल, अधिवक्ता जीत जायसवाल, अधिवक्ता संजय वैश्य, जूनियर अधिवक्ता रीनू पटेल, मीडिया प्रभारी अमन सिंह राजपाल, जूनियर अधिवक्ता श्रीकांत श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य अधिवक्ता शामिल रहे।