*कुख्यात अपराधी वारदात को अंजाम देने से पहले कट्टा के साथ पुलिस ने किया गिरफ्तार*
* देशी कट्टा लेकर जीरो डिग्री क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है*
*जबलपुर शहर में बढ़ते अपराध पर लगाम, कट्टा के साथ शातिर बदमाश गिरफ्तार*
विशेष रिपोर्टर जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के सख्त निर्देशों के बाद शहर में अवैध हथियारों और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष गुप्ता एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव के मार्गदर्शन में लार्डगंज पुलिस ने एक शातिर बदमाश को अवैध देशी कट्टा और कारतूस के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
थाना प्रभारी लार्डगंज नवल सिंह आर्य ने बताया कि 26 फरवरी को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र का कुख्यात अपराधी सोनू उर्फ बटैया रैकवार, एक देशी कट्टा लेकर जीरो डिग्री क्षेत्र में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर दबिश दे दी।
पुलिस टीम ने दबोचा आरोपी
जीरो डिग्री स्थित जेडीए प्लाट के पास आरोपी सोनू को खड़ा देख पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ली। पुलिस को आता देख आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन सतर्क टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी की कमर से एक देशी कट्टा (अवैध हथियार) बरामद हुआ, जिसमें 4 जिंदा कारतूस लोड थे।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू उर्फ बटैया पिता राजू रैकवार (उम्र 26 वर्ष), निवासी गली नंबर 4, उजार पुरवा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह युवक अपराधी प्रवृत्ति का है और इसके खिलाफ पूर्व में मारपीट सहित 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा एवं 4 कारतूस जब्त कर लिए हैं।
कानूनी कार्रवाई जारी
आरोपी के विरुद्ध थाना लार्डगंज में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्यवाही में उप निरीक्षक राहुल बघेल, आरक्षक पंकज, हुलेश, शुभम एवं आदर्श की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की गई है।