वसूली को लेकर नगर निगम सख्त,कुर्की, तालाबंदी और नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई - Bhaskar Crime

Breaking

वसूली को लेकर नगर निगम सख्त,कुर्की, तालाबंदी और नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई

*बकाया कर वसूली को लेकर नगर निगम सख्त, तीन संभागों में दिखा दबंग अंदाज*

*कुर्की, तालाबंदी और नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई*

 *11 बकाएदारों पर गिरा राजस्व विभाग का एक्शन हथौड़ा चला*

विशेष रिपोर्टर जबलपुर। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के सख्त निर्देशों के बाद नगर निगम ने बकाया कर वसूली के लिए अपना मोर्चा और मजबूत कर दिया है। लगातार नोटिस और सूचना के बावजूद कर जमा न करने वाले बकाएदारों के खिलाफ राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुधवार को तीन संभागों में कुर्की, तालाबंदी और नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की। विभाग ने 11 से अधिक बकाएदारों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई अमल में लाई।

नगर निगम के राजस्व विभाग ने संभाग स्तरीय अधिकारियों के साथ मिलकर संभाग क्रमांक 2 कछपुरा, संभाग क्रमांक 8 भानतलैया और संभाग क्रमांक 14 विजय नगर में यह अभियान चलाया। टीम ने न केवल कुर्की और तालाबंदी की, बल्कि कई स्थानों पर जल कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी की। साथ ही बकाएदारों के घर-घर जाकर संपर्क कर उन्हें चेतावनी दी गई कि यदि जल्द राशि जमा नहीं की गई तो उनकी संपत्ति नीलाम कर दी जाएगी।

कहां कितनी कार्रवाई:

· संभाग क्रमांक 2 कछपुरा (मदन महल वार्ड): सैयद माजिद अली पर करीब 2 लाख रुपये (1,99,806 रुपये) बकाया होने पर उनकी दुकान को सील कर दिया गया। वहीं राजू रजक (84,051 रुपये), तेजिंदर पाल सिंह (60,196 रुपये) और श्रीराम प्रकाश शर्मा (33,023 रुपये) के खिलाफ कुर्की और नल कनेक्शन काटने की कार्रवाई की गई।

· संभाग क्रमांक 8 भानतलैया (शीतलामाई वार्ड): यहां राम दुलारे, बाबूलाला कोरी, आशीष-अशोक कुमार, मोतीलाल और राजेश कुमार सहित पांच बकाएदारों पर कुल लाखों रुपये का बकाया होने पर कुर्की की कार्रवाई की गई। हालांकि, भगवती संदीप और सुदीप ने मौके पर 1,17,149 रुपये के बकाये के एवज में 25 हजार रुपये का चेक देकर राहत पाई।

· संभाग क्रमांक 14 विजय नगर (मोतीलाल वार्ड): चार खम्बा निवासी रोशन आरा पर 2 लाख 4 हजार 314 रुपये के बकाये पर कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई गई।

कार्रवाई के दौरान राजस्व अधिकारी आनंद मिश्रा, संभागीय अधिकारी दिनेश प्रताप सिंह, महेन्द्र पाल सिंह उइके, सुदीप पटेल, राजस्व निरीक्षक ऋषि कुशरे, देवनाथ राठौर, कर संग्राहक और फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और यदि आवश्यक हुआ तो कुर्क संपत्तियों को नीलाम किया जाएगा।