12 हजार करदाताओं ने लोक अदालत में जमाए 15 करोड़, नगर निगम ने बनाया राजस्व वसूली का रिकॉर्ड
विशेष रिपोर्टर जबलपुर। नगर निगम द्वारा आयोजित लोक अदालत ने राजस्व वसूली के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' और राजस्व प्रभारी डॉ. सुभाष तिवारी की सक्रियता तथा निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार की सुदृढ़ योजना के चलते 12 हजार करदाताओं ने निगम खजाने में रात्रि 9 बजे तक 15 करोड़ रुपये की राशि जमा की।
संभाग कार्यालयों में उमड़ा जनसैलाब
निगम मुख्यालय सहित सभी संभागीय कार्यालयों में आयोजित इस लोक अदालत में सुबह से ही करदाताओं का रेला उमड़ पड़ा। संभाग क्रमांक 4 छोटी लाइन फाटक कार्यालय में तो महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' ने स्वयं लाइन में लगकर अपना टैक्स जमा किया, जिससे अन्य करदाताओं में भी उत्साह का संचार हुआ।
नागरिकों की भागीदारी से बना रिकॉर्ड
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने बताया कि यह अभूतपूर्व उपलब्धि करदाताओं की सक्रिय भागीदारी से संभव हुई है। बड़ी संख्या में नागरिकों ने इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने लंबित संपत्ति कर, जलकर एवं अन्य करों का भुगतान किया। नागरिकों के इस सहयोग ने शहर के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को स्पष्ट रूप से दर्शाया है।
अधिकारियों ने जताई प्रसन्नता
महापौर जगत बहादुर सिंह 'अन्नू' एवं निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने इस बड़ी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह नगर निगम की टीम भावना और नागरिकों के अभूतपूर्व सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से निगमायुक्त की बेहतरीन प्लानिंग और राजस्व अमले की सराहनीय भूमिका की तारीफ की।
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने कहा कि प्रशासनिक कसावट और जनहितैषी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने से यह संभव हो पाया है। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि का श्रेय संपूर्ण राजस्व अमले और अन्य टीम के सदस्यों की कड़ी मेहनत और लगन को दिया।