*पनागर की अंधी हत्या का खुलासा, बुजुर्ग की हत्या का आरोपी गिरफ्तार*
*शराब के नशे में गाली-गलौज का विरोध करने पर युवक ने की वारदात*
चीफ रिपोर्टर जबलपुर/थाना पनागर क्षेत्र के अंतर्गत ककरहाई रपटा तालाब के पास हुई एक बुजुर्ग की अंधी हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी मैकू कोल को गिरफ्तार कर लिया, जिसने पूछताछ में शराब के नशे में गाली-गलौज करने से नाराज होकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
घटना 2-3 मार्च की दरमियानी रात की है। 60 वर्षीय हल्लू कोल, जो खेतों में ताकी (निगरानी) का काम करते थे, अपनी झोपड़ी के पास मृत पाए गए थे। उनके सिर पर गंभीर चोटें थीं। मृतक की बेटी भूरी बाई की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की। जांच में सामने आया कि मृतक हल्लू कोल आखिरी बार ग्राम चरखी निवासी मैकू कोल (30) के साथ देखा गया था। दोनों एक महिला कल्लू बाई की झोपड़ी में साथ में शराब पी रहे थे।
पूछताछ में आरोपी मैकू कोल ने बताया कि दोनों रात करीब 8 बजे साथ में ही हल्लू कोल की झोपड़ी की ओर जा रहे थे। रास्ते में रपटे के पास बैठकर शराब पीने के दौरान हल्लू कोल ने मैकू को गालियां देना शुरू कर दिया। झोपड़ी के पास पहुंचने पर फिर से गाली-गलौज करने पर मैकू को गुस्सा आ गया। आरोपी ने बताया कि उसने हल्लू को धक्का दिया, जिससे वह शराब के नशे में पत्थर पर गिर गया। इसके बाद भी जब हल्लू गाली देना बंद नहीं कर रहा था, तो मैकू ने पास से लकड़ी उठाकर उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून से सनी लकड़ी (लाठी) को तालाब के पास झाड़ियों से बरामद कर लिया है। आरोपी मैकू कोल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार, उप निरीक्षक रवि सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षक संजय मिश्रा, सउनि रामसनेही शर्मा, सउनि मिथिलेश त्रिपाठी सहित पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही।