*मामूली रकम के विवाद में खूनी खेल, पुलिस प्रशासन की नाकामी उजागर*
*रात भर शांति से होली मनाया सुबह हुई चाकूबाजी से लहू लोहान हुआ युवक*
चीफ रिपोर्टर जबलपुर/ मात्र बीस रुपयों के लेन-देन ने खूनी संघर्ष को जन्म दे दिया, जिससे शहर के मदन महल इलाके में सनसनी फैल गई। गोलौआ चौक पर हुई इस चाकूबाजी ने पुलिस प्रशासन की खुली पोल खोलकर रख दी है, जहां अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि रिश्तेदारी के खून के भी प्यासे हो गए।
घटना उस वक्त हुई जब आधारताल निवासी प्रवीण कुमार केवट अपनी रिश्तेदारी में आया हुआ था। इसी दौरान बीस रुपयों के मामूली विवाद को लेकर उसके चचेरे भाई लकी केवट ने उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने प्रवीण के कान के पास वार किया, जिससे वह लहूलुहान हो गया। पीड़ित युवक किसी तरह जान बचाकर भागा, वरना हादसा और भी भयानक हो सकता था।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही पुलिस अधीक्षक ने कानून व्यवस्था को लेकर सभी थाना प्रभारियों की बैठक ली थी और सख्त निर्देश दिए थे। इसके बावजूद मदन महल थाना क्षेत्र में इस तरह की वारदात होना पुलिस प्रशासन की बड़ी चूक मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन सवाल यह उठता है कि आखिर पुलिस की सख्ती और गश्त का नतीजा क्या सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया है?