21 जत्थों में निकाली गई 500वीं नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा - Bhaskar Crime

Breaking

21 जत्थों में निकाली गई 500वीं नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा

*21 जत्थों में निकाली गई 500वीं नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा*

*श्रद्धा और उल्लास का संगम भक्तों ने लगाए गुलाल-फूल*

चीफ रिपोर्टर जबलपुर/ माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर आज सुबह हरे कृष्णा आश्रम भेड़ाघाट से 500वीं नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा भव्य रूप से निकाली गई। यह ऐतिहासिक यात्रा 21 अलग-अलग जत्थों और विभिन्न संकीर्तन मंडलियों के सहयोग से संपन्न हुई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

भक्तों के हाथों में गुलाल और फूल लिए, "नर्मदे हर..." के जयघोष से पूरा भेड़ाघाट क्षेत्र भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर इस पर्व को मनाया। इस अवसर पर आश्रम के संस्थापक स्वामी रामचंद्र दास जी महाराज ने बद्रीनाथ धाम से पूजित गोमती चक्र का प्रसाद स्वरूप वितरण करके सभी को धन्य किया।

संतों ने बताया कि नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा का विशेष महत्व है। जो भक्त पूर्ण नर्मदा परिक्रमा करने में असमर्थ होते हैं, वे इस पंचकोसी परिक्रमा को करके उतना ही पुण्य लाभ अर्जित करते हैं, जितना पूर्ण परिक्रमा से मिलता है।

यह पवित्र यात्रा निर्धारित मार्ग - पंचवटी, 64 योगिनी, धुआंधार, कल्याण तपोवन, लामेटा घाट होते हुए नाव पार करके शनि मंदिर डुडुवारा, इमलिया, न्यू भेड़ाघाट और सिद्धन माता जी के सामने से होती हुई वापस हरे कृष्णा आश्रम पहुंची, जहाँ विशाल भंडारे के साथ परिक्रमा का समापन हुआ।

इस भव्य आयोजन में नर्मदा महाआरती के संस्थापक डॉ. सुधीर अग्रवाल, संरक्षक श्रीमती सुषमा शंकर पटेल, श्याम मनोहर पटेल, श्रीमती मीना पटेल, विनोद दिवान, दुर्गा पटेल, पप्पू चौबे, मनोज गुलाबवानी, गुड्डू नेता, विनोद विश्वकर्मा, शिवकुमार पटेल और सेवक राम दहिया सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक और भक्तजन उपस्थित रहे।