पुलिस अधीक्षक ने जन सुनवाई में सुनीं,अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश - Bhaskar Crime

Breaking

पुलिस अधीक्षक ने जन सुनवाई में सुनीं,अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश

*पुलिस अधीक्षक ने जन सुनवाई में सुनीं 58 शिकायतें, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश* 

*एसपी सम्पत उपाध्याय ने शहर एवं देहात के थाना क्षेत्रों से आए शिकायतकर्ताओं की समस्याओं का सीधा संज्ञान लिया*

चीफ रिपोर्टर जबलपुर/ आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार, 17 मार्च 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक विशेष जन सुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक  सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से आए शिकायतकर्ताओं की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं

आज हुई इस सुनवाई में कुल 58 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें अधिकांश मामले पति-पत्नी एवं पारिवारिक विवाद, जमीन संबंधी रंजिश, मारपीट तथा साइबर अपराध से जुड़े हुए थे। एसपी उपाध्याय ने सभी शिकायतकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनकी शिकायतों पर कानून सम्मत एवं निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

उन्होंने जन सुनवाई के दौरान प्राप्त सभी प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए। निर्देश में कहा गया कि सभी शिकायतों का समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे आम जनता को न्याय पाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय  बी. एस. गोठरिया भी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार आज न केवल मुख्यालय में, बल्कि शहर एवं देहात के सभी थानों और चौकियों में तैनात राजपत्रित अधिकारियों ने भी जन सुनवाई की, जिससे लोगों को अपने स्थानीय स्तर पर ही न्याय पाने का मौका मिला। यह पहल पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।