*सिहोरा में दर्दनाक हादसा: पुरानी टाटा सूमो में सो रहा व्यक्ति जिंदा जला, आग से दुकान भी राख*
चीफ रिपोर्टर जबलपुर/ आज सुबह सिहोरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। शहर के एक इलाके में खड़ी एक पुरानी टाटा सूमो के अंदर सो रहा एक व्यक्ति आग लगने से बुरी तरह झुलस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि उन्होंने पास में स्थित एक दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिसे देखते ही देखते जलकर खाक हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक कार और दुकान पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, और अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार के अंदर सो रहे व्यक्ति ने मच्छरों से बचने के लिए अगरबत्ती जलाई थी। संभवतः इसी अगरबत्ती से गाड़ी के अंदर पड़े कचरे ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गहरी नींद में होने के कारण व्यक्ति समय रहते बाहर नहीं निकल सका और उसकी जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा है कि टाटा सूमो काफी पुरानी थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के सही कारणों की जांच कर रही है।
