कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए खुशखबरी - Bhaskar Crime

Breaking

कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए खुशखबरी

*कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए खुशखबरी! कैशलेस बीमा योजना में लगातार जुड़ रहे नए अस्पताल*

चीफ रिपोर्टर जबलपुर/ मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी ने अपने कार्मिकों और पेंशनर्स के हित में एक और बड़ा कदम उठाया है। कंपनी के प्रबंध संचालक श्री मनजीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि कैशलेस बीमा योजना को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए देशभर के अच्छे अस्पतालों को लगातार जोड़ा जा रहा है।

कर्मचारी हितों के लिए संवेदनशील है प्रबंधन

मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक में श्री मनजीत सिंह ने कहा कि कंपनी सभी वर्गों के कर्मचारियों यहां तक कि संविदा कर्मियों और पेंशनर्स के कल्याण के लिए पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि लंबे समय से लंबित फ्रिंज बेनिफिट और इंसेंटिव जैसी सुविधाएं देकर कंपनी कर्मचारियों के उत्साहवर्धन का काम कर रही है।

कैशलेस बीमा योजना पर विशेष जोर

फेडरेशन के महामंत्री राकेश डी.पी. पाठक ने कैशलेस बीमा योजना को लेकर कई अहम मांगें रखीं। उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ हर छोटे कर्मचारी और पेंशनर तक पहुंचे, इसके लिए जरूरी है:

· छूटे हुए कर्मचारियों को मौका: जो कर्मचारी या पेंशनर्स अब तक इस योजना में शामिल नहीं हो पाए हैं, उनके लिए फॉर्म जमा करने का समय फिर से दिया जाए।

· देशव्यापी अस्पताल नेटवर्क: योजना में देश के कोने-कोने के बेहतरीन अस्पतालों को शामिल किया जाए, ताकि बेहतर इलाज सुनिश्चित हो सके।

· इलाज में आर्थिक मदद: यदि किसी गंभीर बीमारी में तय राशि से अधिक खर्च होता है, तो उस अंतर का भुगतान कर इलाज की अनुमति दी जाए। साथ ही, आपात स्थिति में गैर-सूचीबद्ध अस्पताल में इलाज कराने पर भी निर्धारित राशि का भुगतान किया जाए।

बेहतर प्रबंधन के लिए आभार

राकेश डी.पी. पाठक ने शक्ति भवन में कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए शुरू की गई गुणवत्तापूर्ण कैंटीन सुविधा (इंडियन कॉफी हाउस) के लिए भी एमडी श्री मनजीत सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फेडरेशन हमेशा से "उद्योग की प्रगती से ही कर्मचारियों की उन्नति" के सिद्धांत पर काम करता है और भविष्य में भी सभी वर्गों के कर्मचारियों एवं पेंशनर्स के हितों की आवाज उठाता रहेगा।

इस अवसर पर फेडरेशन के यू.के. पाठक, विमल महापात्र, अनूप वर्मा, दिनेश दुबे सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कंपनी के डायरेक्टर (कमर्शियल) श्री मिलिंद भांडक्कर भी उपस्थित थे।