एनडीआरएफ ने भेड़ाघाट में किया सघन मॉक अभ्यास* - Bhaskar Crime

Breaking

एनडीआरएफ ने भेड़ाघाट में किया सघन मॉक अभ्यास*

*केबल कार में फंसे यात्री एनडीआरएफ ने भेड़ाघाट में किया सघन मॉक अभ्यास*

चीफ रिपोर्टर जबलपुर। आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने और आपातकालीन स्थितियों में राहत कार्यों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ, वाराणसी ने गुरुवार को जबलपुर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भेड़ाघाट स्थित नर्मदा रोपवे पर एक बड़ा मॉक अभ्यास किया।

उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस अभ्यास में केबल कार के रुक जाने और यात्रियों के फंसने की परिकल्पना की गई थी। जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस अभियान में पुलिस, अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग सहित सभी प्रमुख हितधारक एजेंसियों ने सक्रिय भागीदारी की।

इस दौरान टीम का मार्गदर्शन करने के लिए मौजूद उप कमांडेंट कुलदीप सिंह ने बताया कि इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपदा से निपटने की तैयारियों का मूल्यांकन करना और यह सुनिश्चित करना है कि किसी वास्तविक आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई हो सके। उन्होंने कहा, "हम यह देखना चाहते हैं कि उपलब्ध संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग कैसे किया जाए और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय को और बेहतर कैसे बनाया जाए।"

यह सघन मॉक अभ्यास निरीक्षक बृजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर रोपवे प्रबंधक विजय नागदेवे, जबलपुर के आपदा प्रबंधन अधिकारी सुनील गर्ग सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अभ्यास के दौरान टीम ने फंसे हुए यात्रियों को रेस्क्यू करने की बारीकियों का प्रदर्शन किया और सभी एजेंसियों ने मिलकर सफल बचाव अभियान की रूपरेखा तैयार की।