*जुआरियों पर बड़ी कार्रवाई: 20 गिरफ्तार,14 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त*
*बड़ी संख्या में जुआरी रैपुरा में जुए की महफिल सजाने आते थे*
चीफ एडिटर पन्ना जिले की रैपुरा पुलिस ने जुए के एक अंतर-जिला रैकेट का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में हुई इस छापेमारी में 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से 16 आरोपी पड़ोसी जिले कटनी के निवासी हैं। पुलिस ने मौके से कुल 14.06 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
लाखों की संपत्ति बरामद
जब्त संपत्ति में 1.73 लाख रुपये की नकदी, करीब 1.83 लाख रुपये मूल्य के 19 मोबाइल हैंडसेट, और 10.50 लाख रुपये के अनुमानित 7 वाहन (एक चारपहिया व छह दोपहिया) शामिल हैं।
कटनी से आते थे जुआरी
जांच में खुलासा हुआ है कि कटनी जिले से बड़ी संख्या में जुआरी रैपुरा स्थित विनय चनपुरिया के घर पर जुए की महफिल सजाने आते थे। विनय अपने घर पर जुआ खिलाने के एवज में मोटा कमीशन वसूलता था। बाहरी जिलों, विशेषकर कटनी के जुआरियों की अधिकता यह दर्शाती है कि यहां लंबे समय से बड़े दांव लगाए जा रहे थे।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
कटनी जिले से गिरफ्तार आरोपियों में महेश कुमार लोधी, धनीराम पटेल, शंकर सिंह ठाकुर, राकेश सिंह ठाकुर, रिजवान खान, गंगाराम पटेल, रोहणी तिवारी, शाहिद ताज, सनित जैन, सोनेलाल पटेल, भारत चौधरी, शिवम सोनी, अनिल कुमार लोधी, रामजी लोधी, संतोष चौधरी, गणेश प्रसाद श्रीवास्तव और बबलू चौधरी शामिल हैं। वहीं पन्ना जिले से अरविन्द चौधरी और अजय सेन को भी हिरासत में लिया गया है।
कानूनी कार्रवाई जारी
उपनिरीक्षक स्मिता सिंह बघेल के नेतृत्व में हुई इस सफल कार्रवाई के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। कटनी के इतनी बड़ी संख्या में जुआरियों की गिरफ्तारी से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।