*बस स्टैंड पर शराब का अड्डा, संगठन ने किया सड़क थाना पर प्रदर्शन*
दीनदयाल बस स्टैंड पर 'मिनी बार' बनने का आरोप, भगवती मानव कल्याण संगठन ने थाने तक निकाली रैली थाना पर किया प्रदर्शन
चीफ एडिटर जबलपुर। जहाँ यात्रियों को सुरक्षा मिलनी चाहिए, वहाँ शराब परोसी जा रही है — ऐसे गंभीर आरोपों के बीच भगवती मानव कल्याण संगठन ने गुरुवार को दीनदयाल अंतरराज्यीय बस स्टैंड पर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड से थाना माढ़ोताल तक रैली निकालकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और तत्काल शराब दुकान हटाने का अल्टीमेटम दिया।
आरोप: "महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को खतरा"
संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि हज़ारों यात्रियों की आवाजाही वाले इस संवेदनशील स्थान पर शराब बिक्री और अवैध अहातों का खुला संचालन प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है। उन्होंने चेतावनी दी — "यदि तुरंत कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन होगा, जिसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।"
बड़ी कार्रवाई: चार पेटी अवैध शराब बरामद, एक गिरफ्तार
प्रदर्शन के बाद संगठन के सदस्यों ने स्वयं दबिश देकर बस स्टैंड परिसर के बाहर चार पेटी अवैध शराब पकड़ी और एक आरोपी को हिरासत में लिया। सूचना पर पहुंची विजयनगर पुलिस ने आरोपी व शराब जब्त कर एफआईआर दर्ज कर ली।
सवाल वहीं का वहीं...
अब पूरे शहर में यह बहस छिड़ गई है — क्या अंतरराज्यीय बस स्टैंड यात्रियों की सुविधा का केंद्र है या शराब कारोबारियों का सुरक्षित अड्डा? प्रशासन की चुप्पी आखिर क्या बताना चाह रही है? देखना होगा कि संगठन की इस चेतावनी के बाद अब क्या होता है।
