*एसपी सम्पत उपाध्याय का तीन थानों का वार्षिक निरीक्षण, गंदगी पर फटकार*
*हवालात, मालखाना, जप्ती माल और रजिस्टरों की हुई जांच; सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के जल्दनिस्तारण के निर्देश*
चीफ एडिटर जबलपुर, 9 मई 2026 पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने आज तीन थानों का वार्षिक निरीक्षण किया, जिससे थाना परिसर में हड़कंप मच गया। एसपी ने थाना मदनमहल, महिला थाना और 'आजक्स' थाना की व्यवस्थाओं को परखा और साफ-सफाई में लापरवाही पर थाना प्रभारियों को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली रीतेश कुमार शिव एवं तीनों थानों के प्रभारी उपस्थित रहे।
आजक्स थाना: नई बिल्डिंग में दीवारों की कमजोरी पर नाराजगी
एसपी सर्वप्रथम आजाद थाना पहुंचे। यहां उन्होंने थाने की दीवारों को देखा तो नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दीवारों पर ऐसा क्रैक नजर आ रहा है कि लगता है दीवार मजबूत नहीं है। उन्होंने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि बिल्डिंग अभी नई बनी है और अभी से इस तरह की कमजोरी दिखना चिंता का विषय है।
महिला थाना: ऊपरी मंजिल का निरीक्षण
इसके बाद एसपी ने महिला थाना का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने की ऊपरी मंजिल पर बनी बिल्डिंग का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को देखा। हालांकि इस दौरान किसी बड़ी कमी की शिकायत नहीं मिली।
मदनमहल थाना: पीछे गंदगी और बदबू से नाराजगी
थाना मदनमहल पहुंचकर एसपी ने पूरे थाना परिसर के कमरों का बारीकी से निरीक्षण किया। यहां उनका ध्यान थाने के पीछे के हिस्से में जमा गंदगी और फैली बदबू पर गया। इस पर उन्होंने थाना प्रभारी को तुरंत साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
मालखाना, हवालात और रजिस्टरों की चेकिंग
एसपी ने मालखाने का गहन निरीक्षण करते हुए जप्ती माल, आर्म्स एम्यूनेशन और राइट ड्रिल सामग्री के रख-रखाव की जांच की। साथ ही हवालात का भी निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में संधारित किए जाने वाले सभी रजिस्टरों और शिकायत रजिस्टरों की जांच कर यह सुनिश्चित किया कि वे अपडेट हैं या नहीं।
जप्ती वाहनों के कागजात पूरे करने के भी निर्देश दिए गए।
साइबर हेल्प डेस्क और अपराधों की समीक्षा
एसपी ने साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि साइबर फ्रॉड, सोशल मीडिया फ्रॉड और मोबाइल गुम होने जैसी साइबर अपराध से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाए।
उन्होंने थानों में पंजीबद्ध अपराधों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही कहा कि लंबित सी.एम. हेल्पलाइन और जनसुनवाई की शिकायतों का जल्द से जल्द संतुष्टिपूर्ण निस्तारण किया जाए।
कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता के निर्देश
एसपी उपाध्याय ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि महिलाओं, बच्चों, वृद्धों और समाज के कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशील रहें। इनकी शिकायतों पर तत्काल विधिसंगत कार्रवाई करते हुए राहत पहुंचाई जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कर्मचारियों की समस्या सुनने का आश्वासन
एसपी ने थानों में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि यदि किसी को किसी प्रकार की कोई समस्या है तो वे तत्काल उन्हें बताएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाएगा।
निरीक्षण पूरा होने के बाद एसपी ने थानों के बाहर परिसर का भी निरीक्षण किया और आवश्यक सुझाव दिए।