*सिंहस्थ-2028 महापर्व को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन* - Bhaskar Crime

Breaking

*सिंहस्थ-2028 महापर्व को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन*

*सिंहस्थ-2028 महापर्व को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन*

*प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान, डीएसपी यातायात संतोष शुक्ला ने पुलिसकर्मियों को विशेष जानकारी दी*

चीफ एडिटर जबलपुर। आगामी सिंहस्थ-2028 महापर्व को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए जबलपुर पुलिस द्वारा पुलिस लाइन स्थित सामुदायिक भवन में एक विशेष 6-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस बल को कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी कार्यवाही के लिए दक्ष बनाना है।

प्रशिक्षण कार्यशाला के दौरान, डीएसपी यातायात संतोष शुक्ला ने पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए यातायात व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। विशेष बात यह रही कि डीएसपी शुक्ला इससे पहले दो बार सिंहस्थ मेले में ड्यूटी कर चुके हैं, जिसके चलते उनका अनुभव अत्यंत मूल्यवान माना जा रहा है। अपने अनुभव के आधार पर उन्होंने बताया कि इस विशाल धार्मिक आयोजन के दौरान यातायात से जुड़ी किन-किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने विशेष रूप से उन समस्याओं पर प्रकाश डाला, जो पिछले आयोजनों में सामने आई थीं और उनके निराकरण के उपाय भी सुझाए।

प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ विगत दवस अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रमोद वर्मा ने पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात अंजना तिवारी सहित लगभग 150 अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण एवं प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, चेकिंग अभियान, निगरानी प्रणाली, आपदा एवं आपातकालीन स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया तथा विभिन्न सुरक्षा मानकों की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन एवं व्यावहारिक उदाहरणों का भी उपयोग किया गया।

सिंहस्थ-2028 के दौरान करोड़ों श्रद्धालुओं के उज्जैन आने की संभावना है। ऐसे में पुलिस बल का समय पर प्रशिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। डीएसपी संतोष शुक्ला जैसे अनुभवी अधिकारियों द्वारा दिया गया यह मार्गदर्शन निश्चित रूप से जबलपुर पुलिस बल को सिंहस्थ-2028 की चुनौतियों के लिए बेहतर ढंग से तैयार करेगा।