*निगमायुक्त का ऐलान: स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में लाना है नंबर-1*
*1 जनवरी से कचरा संग्रह में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले ड्राइवरों के खिलाफ कार्रवाई होगी*
*प्रत्येक निरीक्षक को रोजाना गाड़ियों की स्थिति की लिखित रिपोर्ट सहायक स्वास्थ्य अधिकारी को देनी होगी*
विशेष संवाददाता/ जबलपुर स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में शहर को देश में पहला स्थान दिलाने के मकसद से नगर निगम ने कमर कस ली है। निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने स्पष्ट कर दिया है कि 1 जनवरी से कचरा संग्रहण प्रक्रिया में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले ड्राइवरों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होगी इसी कड़ी में निगमायुक्त ने शुक्रवार को नगर निगम वर्कशॉप का सघन और औचक निरीक्षण किया, जहां उन्होंने अधिकारियों को दो-टूक चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अब कचरा गाड़ियों के संचालन से जुड़ा कोई भी बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
जवाबदेही बढ़ी, मुख्य स्वच्छता निरीक्षक भी रखेंगे नजर
नई व्यवस्था के तहत कचरा वाहनों की फिटनेस और कार्यप्रणाली की जिम्मेदारी अब सिर्फ वर्कशॉप विभाग की नहीं रहेगी। निगमायुक्त ने आदेश दिया है कि मुख्य स्वच्छता निरीक्षकों को भी मैदान में उतरकर इन गाड़ियों पर नजर रखनी होगी। प्रत्येक निरीक्षक को रोजाना गाड़ियों की स्थिति की लिखित रिपोर्ट सहायक स्वास्थ्य अधिकारी को देनी होगी।
कड़े निर्देश: जिंगल बजेगा, हर गाड़ी में होंगे 5 डस्टबिन
स्वच्छता मानकों को सख्ती से लागू करने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं:
· प्रत्येक कचरा गाड़ी में कचरा अलग-अलग करने के लिए 5 डस्टबिन होना अनिवार्य किया गया है।
· कचरा संग्रहण के दौरान स्वच्छता जिंगल लगातार बजना चाहिए।
· सभी गाड़ियों का मीटर चालू होना चाहिए।
· निर्धारित रूट का पालन न करने या मनमानी करने वाले ड्राइवरों को तत्काल कार्य से हटाया जाएगा।
निगमायुक्त ने जोर देकर कहा कि अधिकारी आपसी समन्वय बनाए रखें ताकि जमीनी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
इस मौके पर अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, सहायक आयुक्त अंकिता बर्मन, सहायक नोडल अधिकारी अभिनव मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और सभी मुख्य स्वच्छता निरीक्षक मौजूद रहे।
