*तेंदुए दिखने से ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग हुआ अलर्ट*
*दो बकरियों के शिकार की पुष्टि के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है*
*विभाग ने लोगों से अफवाहों से दूर रहकर सतर्कता बनाए रखने का अनुरोध किया है*
विशेष संवाददाता/ कटनी जिले के उमरियापान क्षेत्र के सात से अधिक गांवों में तेंदुए की मौजूदगी ने ग्रामीणों में भय फैला दिया है। लगातार मिल रही दृष्टि-सूचनाओं और दो बकरियों के शिकार की पुष्टि के बाद वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है
ग्रामीण डरे, विभाग सतर्क
मुड़िया पुरवा, टोपी, घुघरा, धौरेशर, छोटा कछारगांव और पचपेढ़ी जैसे गांवों के निवासियों ने तेंदुए को देखे जाने और उसके हमलों की जानकारी दी है। इसके बाद रविवार को ढीमरखेड़ा वन परिक्षेत्र अधिकारी अजय कुमार मिश्रा ने अपनी टीम के साथ मुड़िया पुरवा के पहाड़ी क्षेत्र का दौरा किया और गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सावधानी बरतने की हिदायत दी।
वन विभाग की सलाह और कार्रवाई
विभाग ने ग्रामीणों को अकेले जंगल, खेत या पहाड़ी इलाकों में जाने से बचने तथा तेंदुए के दिखने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है। साथ ही, गतिविधियों पर नज़र रखने के लिए एक विशेष निगरानी दल गठित किया गया है।
ग्रामीणों की मांग:स्थानीय निवासी वैभव चौरसिया एवं रमाकांत चौरसिया सहित अन्य लोगों ने वन विभाग से तेंदुए को शीघ्र बचाव करके सुरक्षित जंगल क्षेत्र में पुनर्वासित करने की मांग की है। विभाग ने लोगों से अफवाहों से दूर रहकर सतर्कता बनाए रखने का अनुरोध किया है।