*होली के मद्देनजर पुलिस का कमिंग्स गश्त अभियान*
*शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में वारंटियों पर शिकंजा, रातभर चली कार्रवाई*
चीफ रिपोर्टर जबलपुर / होली पर्व के मद्देनजर शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के दिशा-निर्देशन में पुलिस ने बड़े पैमाने पर अभियान चलाया शनिवार रात को शहरी और ग्रामीण इलाकों में विशेष "कमिंग्स गश्त" के दौरान पुलिस टीमों ने फरार वारंटियों और अपराधियों की धरपकड़ के लिए व्यापक सर्च अभियान चलाया।
यह अभियान रात भर जारी रहा, जिसमें शहर के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस बल ने अपने-अपने क्षेत्रों में दबिश दी। एसपी के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में सीसी टीमों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कई वारंटी और जिला बदर अपराधी पुलिस के आने की भनक लगते ही फरार हो गए। हालांकि, पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर कई आरोपियों को दबोच लिया। यह अभियान त्योहार के मद्देनजर अवांछित तत्वों पर नकेल कसने और आम जनता को सुरक्षा का एहसास दिलाने के लिए चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।