हथियारों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, तीन दिन में 10 हथियार और 270 कारतूस बरामद - Bhaskar Crime

Breaking

हथियारों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, तीन दिन में 10 हथियार और 270 कारतूस बरामद

*अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, तीन दिन में 10 हथियार और 270 कारतूस बरामद*

विशेष रिपोर्टर भोपाल / ग्वालियर / जबलपुर। पुलिस मुख्यालय के सख्त निर्देशन में मध्यप्रदेश के शहरों में अवैध हथियारों और आपराधिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान को बड़ी सफलता मिली है। पिछले तीन दिनों में ग्वालियर और जबलपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 10 अवैध फायरआर्म्स और 270 से अधिक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस दौरान पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर एक चार पहिया वाहन भी जब्त किया है।

ग्वालियर में पुश्तैनी मकान से हथियारों का जखीरा बरामद

ग्वालियर जिले में पुलिस ने तीन अलग-अलह थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सबसे बड़ी सफलता थाना सिरोल पुलिस को मिली, जहां हुरावली क्षेत्र में एक पुश्तैनी मकान पर दबिश देकर भारी मात्रा में हथियार बरामद किए गए। मौके से 3 रायफल (315 बोर), 2 पिस्टल (32 बोर) और 1 कट्टा (315 बोर) सहित 97 से अधिक जिंदा कारतूस और मैग्जीन जब्त की गईं।

वहीं, थाना ग्वालियर पुलिस ने तुलसी विहार कॉलोनी से एक आरोपी को देशी कट्टा और जिंदा राउंड के साथ गिरफ्तार किया। इसके अलावा, डबरा देहात पुलिस ने पिस्टल की नोक पर महिला का अपहरण करने वाले 2 आरोपियों को महज 24 घंटे में गिरफ्तार कर महिला को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त ईको वाहन और देशी पिस्टल जब्त की गई।

जबलपुर में आर्म्स एक्ट के तीन आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर में थाना गोसलपुर और लार्डगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 पिस्टल, 1 देशी कट्टा, 174 जिंदा कारतूस और एक कार बरामद की है। सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

मध्यप्रदेश पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में अवैध हथियार रखने वालों और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों के खिलाफ यह कठोर अभियान लगातार जारी रहेगा।