होली पर्व पर पुलिस,शांति के लिए 2000 जवान होंगे तैनात - Bhaskar Crime

Breaking

होली पर्व पर पुलिस,शांति के लिए 2000 जवान होंगे तैनात

*होली पर्व पर पुलिस की चाक-चौबंद व्यवस्था: शांति के लिए 2000 जवान होंगे तैनात*


*शहर में कुल 125 स्थानों पर फिक्स प्वाइंट बनाए गए हैं*

चीफ रिपोर्टर जबलपुर/ होली के त्योहार को शांतिपूर्वक और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय  के नेतृत्व में जिला पुलिस ने सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया है। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगभग 2000 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तैनात किए जाएंगे।

शहर में सुरक्षा के विशेष इंतजाम:

· फिक्स प्वाइंट: शहर में कुल 125 स्थानों पर फिक्स प्वाइंट बनाए गए हैं।

· स्ट्राइकिंग रिजर्व: अप्रिय घटना पर तत्काल कार्रवाई के लिए 18 स्ट्राइकिंग रिजर्व प्वाइंट बनाए गए हैं।

· यातायात नियंत्रण: सड़कों पर स्पीड कंट्रोल और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए 37 ब्रीथ एनालाइजर/स्टॉपर प्वाइंट लगाए जाएंगे।

· सादे कपड़ों में निगरानी: संवेदनशील इलाकों में सादे कपड़ों में कर्मचारी भी तैनात रहेंगे, जो आसूचना संकलन करते हुए किसी भी अफवाह या घटना की सूचना तुरंत नियंत्रण कक्ष को देंगे।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी कड़ी निगरानी:

· देहात थाना क्षेत्रों में भी अतिरिक्त मोबाइल पेट्रोलिंग और संवेदनशील गांवों में फिक्स पिकेट तैनात की गई हैं।

· थाना प्रभारियों की मोबाइल और चीता पेट्रोलिंग गलियों में लगातार भ्रमण करती रहेगी।

फोर्स की तैनाती और रिजर्व फोर्स:

· सभी पेट्रोलिंग मोबाइल और फिक्स प्वाइंट पर 6ठी वाहिनी विशेष सुरक्षा बल (वि.स.बल) की कंपनी को भी लगाया जाएगा।

· जिला पुलिस बल के लगभग 2000 अधिकारी/कर्मचारी त्योहार की सुरक्षा में अपनी सेवाएं देंगे।

· आपात स्थिति से निपटने के लिए आर.ए.एफ., क्यू.आर.एफ., पीटीएस, 6ठी वाहिनी और 8वीं वाहिनी के बल को कंट्रोल रूम में रिजर्व रखा गया है।

· शहर एवं देहात में 45 एफ.आर.वी. (फास्ट रिस्पांस व्हीकल) वाहन तैनात रहेंगे, जो किसी भी सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचेंगे।

पुलिस अधीक्षक की अपील: पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय ने संस्कारधानी वासियों से अपील की है कि वे त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा, "ऐसा कोई भी कार्य न करें जिससे शांति और सद्भावना प्रभावित हो। त्योहारों के दौरान अशांति का वातावरण निर्मित करने तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी।"

उन्होंने जिले वासियों से हमेशा की तरह कौमी एकता एवं सद्भावना की मिसाल पेश करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का आग्रह किया है।