लाइनमैन के लिए 20 लाख बीमा और बेहतर प्रशिक्षण की मांग - Bhaskar Crime

Breaking

लाइनमैन के लिए 20 लाख बीमा और बेहतर प्रशिक्षण की मांग

"लाइनमैन बने बिजली ब्रांड एंबेसडर : सुरक्षित जीवन के लिए 20 लाख बीमा और बेहतर प्रशिक्षण की मांग"

चीफ रिपोर्टर जबलपुर / मध्य प्रदेश): मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन के महामंत्री राकेश डी पी पाठक ने लाइनमैन दिवस के अवसर पर बिजली कर्मियों की सुरक्षा को लेकर बड़ी मांग उठाई है। उन्होंने प्रदेश की सभी बिजली कंपनियों से आग्रह किया कि बिजली सेक्टर के 'ब्रांड एंबेसडर' कहे जाने वाले लाइनमैन साथियों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

श्री पाठक ने कहा कि वर्तमान में अधिकांश तकनीकी कार्य संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों से कराए जा रहे हैं। ऐसे में विद्युत दुर्घटनाओं से बचाव के लिए अनिवार्य है कि कार्य शुरू करने से पहले सभी लाइनमैन को विश्व स्तरीय तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाए और उन्हें उच्च गुणवत्ता वाले सुरक्षा उपकरण (PPE) उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कार्य की अनुमति (वर्क परमिट) देते समय सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

बीस लाख रुपये के बीमा की मांग

महामंत्री ने लाइनमैनों के सामाजिक सुरक्षा के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण मांग रखी। उन्होंने कहा, "आज अधिकतर कार्य संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे हैं। ऐसे में तकनीकी कार्य में लगे सभी कर्मचारियों, संविदा कर्मियों और आउटसोर्स कर्मचारियों का 20 लाख रुपये का बीमा कराया जाना चाहिए। यह बीमा इस प्रकार हो कि 10 लाख रुपये ठेका कंपनी वहन करे और 10 लाख रुपये बिजली कंपनियां निःशुल्क उपलब्ध कराएं, ताकि किसी अनहोनी की स्थिति में पीड़ित के परिवार और आश्रितों का जीवन यापन सुचारू रूप से चल सके।"

लाइनमैन: बिजली व्यवस्था की रीढ़

राकेश पाठक ने लाइनमैनों के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि वे प्रदेश में सुचारू बिजली वितरण व्यवस्था की रीढ़ हैं। उन्होंने कहा, "चाहे भीषण गर्मी हो, कड़ाके की ठंड हो या मूसलाधार बारिश, 30-40 फीट ऊपर बिजली के खंभों पर चढ़कर हमारा लाइनमैन साथी उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर बिजली आपूर्ति बहाल करता है। वह न तो रुकता है और न ही थकता है।" उन्होंने सभी लाइनमैनों से आग्रह किया कि वे जल्दबाजी में न पड़कर धैर्य और पूरी सावधानी के साथ, सुरक्षा उपकरण पहनकर और सुरक्षा घेरा बनाकर ही कार्य करें।

फेडरेशन का अभिनंदन

इस अवसर पर फेडरेशन के यू.के. पाठक, दिनेश दुबे, सीताराम कुरचानिया, अनूप वर्मा, केदारनाथ अग्निहोत्री, एडवोकेट श्याम मोहन वर्मा, अविनाश तिवारी, मोहन श्रीवास, दीपक मेमने, विजय तिवारी 'किसलय', सुरेन्द्र तिवारी, सुधीर मिश्रा, राजेश मिश्रा, मोहित पटेल, योगेश पटेल, विनय पाठक, दिनेश गोस्वामी, सतेन्द्र सुहाने, सतीश गुप्ता और अजय चौबे सहित सभी पदाधिकारियों ने लाइनमैनों की कर्तव्य परायणता और जुझारूपन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।

सरकार का आभार

राकेश पाठक ने ऊर्जा विभाग, शासन और सभी बिजली कंपनियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में सकारात्मक निर्णय ले रहे हैं। उन्होंने लाइनमैन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए यही कामना की कि सभी कर्मचारी सुरक्षित रहें और अपने परिवार के साथ सुखद जीवन व्यतीत करें।