मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने,जबलपुर को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली - Bhaskar Crime

Breaking

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने,जबलपुर को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली

*सीएम डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात* 

*सीएम बोले- महिला सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध सरकार; सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए मुफ्त टीकाकरण का ऐलान*

विशेष रिपोर्टर जबलपुर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को जबलपुर को करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए प्रदेश में महिला कल्याण और सशक्तिकरण को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। नेताजी सुभाष चंद्र बोस सभागार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियां आज हर क्षेत्र में नाम कमा रही हैं और सरकार उनके स्वास्थ्य व भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए हरसंभव कदम उठा रही है।

सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम डॉ. यादव ने सर्वाइकल कैंसर के बढ़ते खतरे पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह बीमारी बेटियों के जीवन को बेहद कष्टदायक बना सकती है, लेकिन समय रहते बचाव संभव है।

उन्होंने जानकारी दी कि केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त पहल से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में लगभग 4,000 रुपये मूल्य का एचपीवी (ह्यूमन पेपिलोमावायरस) टीका अब निःशुल्क लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा, "यदि 14 वर्ष की आयु तक या 15वें वर्ष से पहले बेटियों का यह टीकाकरण हो जाए, तो उनका भविष्य सुरक्षित हो सकता है और वे इस जानलेवा बीमारी से बच सकती हैं।"

'बेटियां लिख रहीं सफलता की नई इबारत'

सीएम ने कहा कि आज समाज के हर वर्ग में बेटियां अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बीजेपी सरकार महिलाओं के कल्याण और उनके सशक्तिकरण के लिए संकल्पबद्ध है। विकास कार्यों की सौगात देते हुए उन्होंने जबलपुर की आधारभूत संरचना को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।

यह कार्यक्रम जबलपुर वासियों के लिए एक बड़ी सौगात लेकर आया है, जहां एक ओर विकास परियोजनाओं की घोषणा हुई, वहीं दूसरी ओर बेटियों के स्वास्थ्य संरक्षण के लिए एक महत्वपूर्ण अभियान को भी धरातल पर उतारा गया