*कैंसर पीड़ित ने एसपी से लगाई गुहार: इलाज के दौरान मकान मालिक ने जेसीबी से तोड़ा घर, सामान किया गायब*
चीफ रिपोर्टर जबलपुर/ थाना अधारताल क्षेत्र में एक अत्यंत मर्मस्पर्शी मामला सामने आया है, जहां कैंसर पीड़ित मरीज के इलाज के दौरान मकान मालिक ने जेसीबी मशीन से मकान तोड़ दिया और घर का सारा सामान गायब कर दिया। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है।
20 वर्षों से था निवास
थाना अधारताल निवासी सुधा पटेल, पत्नी श्री अनिल पटेल, जो 1155 जयप्रकाश नगर अधारताल जबलपुर में विगत 20 वर्षों से निवास कर रही थी, ने बताया कि उनके पति कैंसर से पीड़ित हैं। 6 मई 2025 को उनके पति का कैंसर का ऑपरेशन मेडिकल कॉलेज जबलपुर में हुआ था।
इलाज के दौरान हुई घटना
पीड़िता के अनुसार, जब वे अपने पति के इलाज के लिए अस्पताल में थीं, तभी मकान मालिक कृष्णा सोनी, उनके पिता डी.पी. सोनी, पुत्र सर्जय सोनी और मनोज सोनी ने पहले घर का बिजली मीटर उखाड़ दिया और दरवाजे तोड़ दिए। पीड़िता ने बताया कि उन्होंने मकान मालिक को डिस्चार्ज के बाद मकान खाली करने की बात कही थी, लेकिन उन्होंने इसकी प्रतीक्षा नहीं की।
जेसीबी से तोड़ा मकान, सामान गायब
सबसे बड़ी घटना 27 जून 2025 को हुई, जब मरीज की हालत बिगड़ने पर परिवार पुनः मेडिकल कॉलेज गया हुआ था। उसी दिन मकान मालिकों ने जेसीबी मशीन बुलाकर पूरे मकान को ध्वस्त कर दिया और घर का सारा सामान गायब कर दिया।
पुलिस से गुहार, पर नहीं हुई कार्रवाई
पीड़िता ने इस संबंध में थाना अधारताल में एफ.आई.आर. दर्ज कराई है, जिसका संख्या 613 है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी शिकायत की, लेकिन आज दिनांक 10 मार्च 2026 तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़िता का कहना है कि एक ओर पति की कैंसर की बीमारी से जूझ रहे परिवार पर दूसरी ओर मकान मालिक की इस मनमानी ने दोहरी मार पड़ी है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से उचित कार्रवाई की मांग की है।
