*जबलपुर में एलपीजी सिलेंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़, आधारताल से भरे-खाली सिलेंडर बरामद*
*प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध गोदाम से हजारों की संख्या में सिलेंडर जब्त*
चीफ रिपोर्टर जबलपुर /शहर में घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। आधारताल थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक मकान में संचालित अवैध गैस गोदाम का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने भारी संख्या में घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने जगदम्बा कॉलोनी महाराजपुर स्थित प्रदीप साहू के घर पर दबिश दी, जहां एक मकान को गोदाम में तब्दील कर रखा था। मौके से दर्जनों भरे हुए और खाली सिलेंडर बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां घरेलू कोटे के गैस सिलेंडरों को अवैध रूप से कमर्शियल उपयोग के लिए बेचा जा रहा था।
पूरे मामले में जानकारी देते हुए आधारताल थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के पास न तो गैस सिलेंडर रखने का कोई वैध लाइसेंस था और न ही सुरक्षा के कोई इंतजाम थे। यह गोदाम आम नागरिकों के लिए एक बड़ा खतरा साबित हो सकता था। पुलिस ने मौके पर मौजूद सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है और आरोपी प्रदीप साहू के खिलाफ आवश्यक धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
बरामद सिलेंडरों की संख्या के बारे में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार यह संख्या सौ से अधिक बताई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह सिलेंडर कहां से लाए जा रहे थे और इनकी सप्लाई कहां की जा रही थी। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि गैज सिलेंडर की कालाबाजारी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
