*शराब के नशे में धुत ई-रिक्शा चालक हनुमानताल तलाब में गिरा, बड़ा हादसा टला*
चीफ रिपोर्टर जबलपुर। शहर के हनुमानताल तालाब के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सवारियों से भरा एक ई-रिक्शा अचानक सड़क से उतरकर तालाब में जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ई-रिक्शा चालक शराब के नशे में धुत था, जिसके कारण वह वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा।
गनीमत यह रही कि ई-रिक्शा तालाब के किनारे लगे पत्थरों की वजह से रुक गया और उसका अगला हिस्सा ही पानी में डूबा। यदि पत्थर न होते तो पूरा वाहन गहरे पानी में समा सकता था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के समय ई-रिक्शा में कुछ महिला सवारियां भी बैठी हुई थीं, जिनमें चीख-पुकार मच गई।
हादसे के तुरंत बाद चालक मौके से फरार हो गया। वहीं, सवारियां किसी तरह ई-रिक्शा से उतरकर सुरक्षित स्थान पर पहुंच गईं। इसके बाद आसपास के लोगों ने भारी संख्या में इकट्ठा होकर लोडिंग वाहन और रस्सियों की मदद से ई-रिक्शा को बाहर निकाला।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक की तलाश की जा रही है।