*महामही राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू का जबलपुर आगमन, डुमना विमानतल पर हुआ भव्य स्वागत*
जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।
चीफ एडिटर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर, 20 जून, 2026। भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू शनिवार को अपने दो दिवसीय मध्य प्रदेश प्रवास पर जबलपुर पहुंचीं। राष्ट्रपति शाम 6:10 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से डुमना एयरपोर्ट पहुंचीं।
डुमना एयरपोर्ट पर गणमान्यों ने किया स्वागत
डुमना एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति का भव्य स्वागत किया गया। राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राष्ट्रपति का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल, सांसद राकेश सिंह विधायक अजय बिश्नोई नगर निगम महापौर जगत बहादुर (अनु) सिंह तथा पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने राष्ट्रपति को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।
राष्ट्रपति एयरपोर्ट से सीधे सर्किट हाउस क्रमांक-1 पहुंचीं, जहां उन्होंने रात्रि विश्राम किया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जबलपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर में करीब 3000 से अधिक पुलिस बल तैनात किया गया है। डुमना एयरपोर्ट से सर्किट हाउस, गैरिसन ग्राउंड और रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय तक पूरे रूट पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। डुमना एयरपोर्ट, सर्किट हाउस, गैरिसन ग्राउंड और विश्वविद्यालय सहित कार्यक्रम स्थलों एवं आवागमन मार्ग की 15 किलोमीटर की परिधि को 'नो-फ्लाइंग जोन' घोषित किया गया है।
रविवार का पूरा कार्यक्रम
21 जून, रविवार को राष्ट्रपति का कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहेगा। सुबह 7:05 बजे वे सर्किट हाउस से सदर स्थित गैरिसन ग्राउंड के लिए रवाना होंगी। सुबह 7:20 बजे कार्यक्रम स्थल पहुंचने के बाद, वे सुबह 7:30 बजे से आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके बाद वे सुबह 8:35 बजे गैरिसन ग्राउंड से सर्किट हाउस लौटेंगी।
दूसरे कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपति सुबह 11:30 बजे सर्किट हाउस से रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के लिए प्रस्थान करेंगी। 11:40 बजे विश्वविद्यालय पहुंचने के बाद, वे 11:50 बजे से दोपहर 12:50 बजे तक विश्वविद्यालय के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस समारोह में वे विभिन्न संकायों के छात्रों को डिग्री एवं स्वर्ण पदक प्रदान करेंगी।
दोपहर में ग्वालियर के लिए रवानगी
दीक्षांत समारोह की समाप्ति के बाद राष्ट्रपति दोपहर 12:50 बजे विश्वविद्यालय से डुमना एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगी। वे दोपहर 1:10 बजे एयरपोर्ट पहुंचेंगी और दोपहर 1:20 बजे भारतीय वायुसेना के विशेष विमान द्वारा ग्वालियर के लिए प्रस्थान करेंगी।
प्रशासन के लिए दोहरी चुनौती
जबलपुर प्रशासन के सामने रविवार को दोहरी चुनौती होगी। एक ओर राष्ट्रपति एवं मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों की सुरक्षा व्यवस्था संभालनी है, वहीं दूसरी ओर री-नीट परीक्षा भी आयोजित होनी है। जिले में 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 10,000 से अधिक छात्र परीक्षा देंगे। परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
राष्ट्रपति 18 से 22 जून तक मध्य प्रदेश और ओडिशा के दौरे पर हैं। जबलपुर प्रवास के बाद वे ग्वालियर जाएंगी, जहां से हेलीकॉप्टर द्वारा कूनो नेशनल पार्क के लिए रवाना होंगी।
