मोहर्रम पर्व को लेकर पुलिस अधीक्षक ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
चीफ एडिटर जबलपुर। मोहर्रम पर्व को देखते हुए पुलिस नियंत्रण कक्ष में पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की बैठक लेकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह, पल्लवी शुक्ला, सूर्यकांत शर्मा, अखिलेश तिवारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकों में उठे मुद्दों का हो त्वरित समाधान
एसपी संपत उपाध्याय ने कहा कि थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक में जो भी मुद्दे आएं, संबंधित विभाग से चर्चा कर उनका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आने वाले दिन कानून व्यवस्था की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
जुलूस मार्गों पर सफाई एवं प्रकाश की हो व्यवस्था
एसपी ने निर्देश दिए कि जुलूस मार्गों पर पैदल भ्रमण करते हुए साफ-सफाई और लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कम ऊंचाई पर लटके तारों को व्यवस्थित कराया जाए। पूर्व में विवादित रहे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर फिक्स प्वाइंट लगाए जाएंगे।
अशांतिप्रिय तत्वों पर रखी जाए सतत निगरानी
उन्होंने कहा कि इस दौरान कुछ अशांतिप्रिय एवं विघ्नसंतोषी तत्व सक्रिय हो सकते हैं। ऐसे लोगों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा उनके आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए।
सभी अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण करें और लोगों से संवाद स्थापित करें
एसपी ने कहा कि सभी नगर पुलिस अधीक्षक अपने संबंधित एसडीएम के साथ तथा थाना प्रभारी तहसीलदार के साथ संयुक्त रूप से थाना क्षेत्र में भ्रमण करें। समाज के हर वर्ग से संवाद स्थापित किया जाए, जिससे महत्वपूर्ण सूचनाएं प्राप्त हो सकें।
बलवा ड्रिल सामग्री एवं पीए सिस्टम रखें दुरुस्त
प्रत्येक वाहन में बलवा ड्रिल सामग्री, टियर गैस, टॉर्च, वीडियो कैमरा तथा चालू हालत में पीए सिस्टम रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि छोटी से छोटी घटना की जानकारी मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष वैधानिक कार्रवाई की जाए। शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना हमारा प्रमुख उद्देश्य है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।