*फिल्म 'हनुमान अंश' का बॉक्स ऑफिस पर कमाल, 170 करोड़ पार, टीम ने सीएम योगी से की मुलाकात*
*उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फिल्म हनुमान अंश देखने पहुंचे*
(क्राइम भास्कर न्यूज नेटवर्क टीम) भारत देश में इतिहास रचने वाली फिल्म, मात्र 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी फिल्म 'हनुमान अंश' ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच दिया है। फिल्म ने अब तक 170 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। इस शानदार सफलता के बाद फिल्म की पूरी टीम ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित उनके आवास पर मुलाकात की।
'मुलाकात में क्या हुआ खास'
मुलाकात के दौरान फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी और मुख्य अभिनेता शोभिनव सत्य ने सीएम योगी को फिल्म के विषय और इसकी आध्यात्मिक पृष्ठभूमि के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सीएम योगी ने फिल्म के कुछ अहम दृश्य देखे, जिनमें गुरु गोरखनाथ की पावन पंक्तियों और नाथ संप्रदाय से जुड़े प्रसंगों को दिखाया गया है।
निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि फिल्म में बाबा नीब करौरी (नीम करोली बाबा) और नाथ संप्रदाय के सिद्ध संतों के बीच ऐतिहासिक मुलाकातों का विशेष चित्रण किया गया है। उन्होंने बताया कि अपने शुरुआती दौर में नीम करोली बाबा लंबे समय तक नाथ संप्रदाय के संतों के सान्निध्य में रहे थे, जहां से उन्होंने दिव्य आध्यात्मिक ऊर्जा और शक्तियों को ग्रहण किया। सीएम योगी ने फिल्म और इसके निर्माण से जुड़े सभी सदस्यों के प्रयासों की सराहना की और उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।
उत्तराखंड में टैक्स-फ्री घोषित
इससे पहले उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग देखी थी। स्क्रीनिंग के बाद उन्होंने फिल्म की आध्यात्मिकता की प्रशंसा करते हुए इसे उत्तराखंड में टैक्स-फ्री घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि फिल्म उत्तराखंड के कैंची धाम से गहराई से जुड़ी हुई है। हालांकि, अभी तक उत्तर प्रदेश में टैक्स-फ्री होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
फिल्म के बारे में:विशाल चतुर्वेदी द्वारा लिखित और निर्देशित 'हनुमान अंश' प्रसिद्ध संत नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी हनुमान भक्ति पर आधारित है। फिल्म ने धीमी शुरुआत के बाद मजबूत मुंह-बोली बदौलत जबरदस्त कमाई की है। फिल्म अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रिलीज होने के लिए तैयार है।
'हनुमान अंश' ने साबित कर दिया है कि बड़े बजट और स्टारकास्ट के बिना भी सही कहानी और भावनात्मक जुड़ाव के साथ फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक सफलता हासिल कर सकती है।
