रील और फॉलोवर के चक्कर में चलती कार में शस्त्र लहराने वाला युवक गिरफ्तार, दो थानों में हुई कार्रवाई
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर। सोशल मीडिया पर वायरल रील और फॉलोवर बटोरने के चक्कर में चलती कार से शस्त्र प्रदर्शित करने का वीडियो वायरल होने पर जबलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से जुड़ा है, जहां पुलिस ने रील बनाने के नशे में कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।
सोशल मीडिया सेल की सतर्कता से खुला मामला
जबलपुर पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय द्वारा सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर निगाह रखने हेतु सोशल मीडिया सेल का गठन किया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में सोशल मीडिया सेल टीम द्वारा जबलपुर जिले से संबंधित वायरल गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में सोशल मीडिया सेल की टीम ने एक वीडियो/रील संज्ञान में ली, जिसमें एक युवक चलती कार की खिड़की से शस्त्र निकालकर उसका प्रदर्शन करता हुआ दिखाई दे रहा था। वीडियो तेजी से वायरल होने पर टीम ने इसकी सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी।
कार के नंबर से पहुंचे आरोपी तक
थाना प्रभारी माढ़ोताल वीरेंद्र सिंह पवार और थाना प्रभारी अधारताल विपिन ताम्रकार ने बताया कि वीडियो में प्रयुक्त कार के नंबर के आधार पर पतासाजी की गई। कार मालिक से संपर्क करने पर उसने वीडियो में चिन्हित युवक की पहचान कर कार्रवाई की गई
अधारताल मेन रोड से दबोचा आरोपी
पुलिस टीम द्वारा तलाश करते हुए अधारताल मेन रोड पर दबिश देकर अमन सचदेवा (उम्र 18 वर्ष) को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में अमन ने स्वीकार किया कि उसने अपने दोस्त की कार चलाते हुए दिवाली के दौरान पटाखा फोड़ने वाली नकली पिस्तौल का प्रदर्शन किया था। उसने यह भी बताया कि उसने एक राहगीर व्यक्ति से 1,200 रुपये में एक बटनदार धारदार चाकू खरीदा था।
जब्त हुए शस्त्र, आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
आरोपी के कब्जे से रील में प्रयुक्त बटनदार धारदार चाकू तथा पटाखा फोड़ने वाली नकली पिस्तौल को जप्त कर लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
दो थानों में हुई कार्रवाई
इस मामले के अलावा, विगत दिनों माढ़ोताल थाना क्षेत्र में कार में रील बनाकर स्टंट करने वाले आरोपी पर भी कार्रवाई की गई। इस प्रकार रील और फॉलोवर के चक्कर में शहर के दो थानों में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
सराहनीय भूमिका
त्वरित कार्यवाही करते हुए आरोपी को तलाश कर पकड़ने में उप निरीक्षक केसरी नंदन राय, प्रधान आरक्षक विनोद शर्मा, सुधीर ठाकुर, आरक्षक महेश कहार और अजय दीक्षित की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए कानून का उल्लंघन करने वाली गतिविधियों में शामिल न हों। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।