स्पा सेंटर छापेमारी मामले में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी सागर चौधरी गिरफ्तार - Bhaskar Crime

Breaking

स्पा सेंटर छापेमारी मामले में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी सागर चौधरी गिरफ्तार

*स्पा सेंटर छापेमारी मामले में महिला थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई मुख्य आरोपी सागर चौधरी गिरफ्तार*

फिलहाल पुलिस आरोपी से सघन पूछताछ कर रही है,  अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है

विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज कटनी/ स्पा सेंटर पर हुई चर्चित छापेमारी के मामले में महिला थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुख्य आरोपी सागर चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा (भा.पु.से.) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर के नेतृत्व में की गई।

जानकारी के अनुसार, स्पा सेंटर पर दबिश के बाद शुरू हुई जांच में सागर चौधरी का नाम मुख्य रूप से सामने आया था। पुलिस ने गहन छानबीन के बाद घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से सघन पूछताछ कर रही है, जिससे कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में स्पा सेंटर के संचालन और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि सागर चौधरी इस पूरे नेटवर्क का सरगना है, जिसके इर्द-गिर्द कई अन्य लोग सक्रिय थे। पुलिस का मानना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों पर भी शिकंजा कसा जा सकता है।

महिला थाना प्रभारी वर्षा सोनकर ने बताया कि मामले की विवेचना गंभीरता से की जा रही है और सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस टीम लगातार अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही बड़े खुलासे हो सकते हैं।

यह कार्रवाई पुलिस विभाग के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, क्योंकि स्पा सेंटर मामले ने शहर में काफी सुर्खियां बटोरी थीं। पुलिस के इस सख्त रुख से अन्य अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है

पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।