*नवरात्रि गरबा आयोजनों में सुरक्षा के सख्त इंतजाम, हर व्यक्ति के लिए आईडी प्रूफ अनिवार्य*
*विश्व हिंदू परिषद के साथ कई संगठनों ने SP कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन*
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज जबलपुर महानगर में आगामी नवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन और सामाजिक संगठनों ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में विश्व हिंदू परिषद (VHP) बजरंग दल एवं मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी जबलपुर महानगर द्वारा एक महत्वपूर्ण ज्ञापन पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर सौंपा गया। इस ज्ञापन का मुख्य उद्देश्य नवरात्रि के दौरान होने वाले गरबा और डांडिया आयोजनों में सुरक्षा, अनुशासन और सनातन संस्कृति की मर्यादा को बनाए रखना है।
आयोजन स्थल पर हर व्यक्ति का अनिवार्य होगा आईडी प्रूफ
संगठन द्वारा प्रशासन को सौंपे गए ज्ञापन में स्पष्ट मांग की गई है कि शहर में जहां भी गरबा या डांडिया का आयोजन हो रहा है, वहां प्रवेश के समय हर व्यक्ति का आईडी प्रूफ (पहचान पत्र) होना अनिवार्य है।
ज्ञापन के अनुसार, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और सुरक्षा के लिहाज से यह कदम बेहद जरूरी है। आयोजन स्थलों पर प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अपना आधार कार्ड, वोटर आईडी या कोई अन्य वैध सरकारी पहचान पत्र साथ रखना होगा, ताकि उसकी उचित पहचान सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस बल और CCTV की होगी तैनाती
वीएचपी ने पुलिस अधीक्षक जिला जबलपुर को सौंपे ज्ञापन में कहा कि गरबा पंडालों में पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिस बल की तैनाती की जाए। इसके साथ ही, आयोजन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी ढंग से काम कर सके।
सनातन संस्कृति की मर्यादा रखने की अपील
संगठन ने स्पष्ट किया है कि गरबा केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह "मां दुर्गा की आराधना एवं सनातन संस्कृति से जुड़ा धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन" है। इसलिए आयोजनों में शांति, सुरक्षा और सांस्कृतिक मर्यादा बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। आयोजकों से अपील की गई है कि वे पारंपरिक और धार्मिक स्वरूप को बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अश्लीलता या अव्यवस्था को बढ़ावा न दें।
संगठन की मांगों का मुख्य बिंदु:
1. गरबा आयोजनों में प्रवेश के लिए उचित पहचान व्यवस्था (आईडी प्रूफ) अनिवार्य
2. पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिस बल की तैनाती।
3. सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की प्रभावी व्यवस्था।
4. धार्मिक और सांस्कृतिक मर्यादाओं का विशेष ध्यान रखना।
इस ज्ञापन को सौंपने के दौरान जबलपुर के कई संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की रही उपस्थिति
प्रशासन से मांग की गई है कि नवरात्रि के दौरान शहर में शांति और सुरक्षा का माहौल बना रहे, जिससे श्रद्धालु बिना किसी डर के मां दुर्गा की आराधना और गरबा का आनंद उठा सकें।
