*दीपावली से पहले आउट सोर्स कर्मचारियों को वेतन भुगतान की मांग*
पेंशनर्स के साथ भेदभाव पर फेडरेशन का सरकार से अनुरोध
विशेष रिपोर्टर क्राइम भास्कर न्यूज भोपाल/जबलपुर। मध्यप्रदेश विद्युत कर्मचारी संघ फेडरेशन के महामंत्री राकेश डी पी पाठक ने प्रमुख सचिव ऊर्जा, ऊर्जा सचिव एवं सभी बिजली कंपनियों के प्रबंध संचालकों से अनुरोध किया है कि सभी बिजली कंपनियों में कार्यरत आउट सोर्स कर्मचारियों को भी दीपावली के पूर्व वेतन का भुगतान करा दिया जाए, जिससे सभी आउट सोर्स कार्मिक भी अपने परिवार के साथ उल्लास के साथ दीपावली मना सकें।
पेंशनर्स के साथ फिर भेदभाव
राकेश डी पी पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री जी द्वारा नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनर्स को भी महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत देने का आदेश जारी करा दिया गया है। फेडरेशन इसके लिए माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी का आभार व्यक्त करता है, साथ ही मुख्यमंत्री जी से अनुरोध करता है कि पेंशनर्स के साथ अब भेदभाव को बंद कराने का कष्ट करें।
उन्होंने कहा कि नियमित कर्मचारियों को जनवरी माह से महंगाई भत्ता दिया गया है, जो सराहनीय है, किन्तु पेंशनर्स को वही महंगाई राहत, पेंशन राहत जुलाई माह 2026 से देने का आदेश जारी किया गया है। अर्थात पेंशनर्स को 6 माह के एरियर का नुकसान हो गया है, जो कि पेंशनर्स के साथ अन्याय है। फेडरेशन मुख्यमंत्री जी से अनुरोध करता है कि इस अन्याय को आपको ही दूर करना है, अतः शीघ्र इस भेदभाव को दूर कीजिए।
अटेंडेंस के नाम पर वेतन न रोका जाए
राकेश डी पी पाठक ने सभी बिजली कंपनियों के माननीय प्रबंध संचालकों से अनुरोध किया है कि वे मानव संसाधन एवं प्रशासन विभाग से यह स्पष्ट निर्देश जारी करा दें कि कार्यालयों और फील्ड में कार्यरत आउट सोर्स कर्मचारियों का अटेंडेंस के नाम पर वेतन न रोका जाए।
केंद्र सरकार के पारिश्रमिक के अनुसार भुगतान की मांग
राकेश डी पी पाठक, यू के पाठक, लक्ष्मण सिंह राजपूत, खूबचंद शर्मा, एन के यादव, उमाशंकर मेहता, दिनेश दुबे, सुरेश बाबू खरे, बी एस राठौर, जी एस खंडेलवाल, आर के कौशिक, जी एल चौरसिया, किशोर चौहान, अनूप वर्मा, विमल महापात्र, अविनाश तिवारी, राजेश मिश्रा, दीपक मेमने, सुधीर मिश्रा, मोहित पटेल, योगेश पटेल, अक्षय श्रीवास्तव, मनोज पाठक, दयाशंकर द्विवेदी, दिलीप पाठक ने ऊर्जा मंत्री जी, प्रमुख सचिव ऊर्जा, ऊर्जा सचिव, सीएमडी एवं सभी बिजली कंपनियों के एमडी गणों से अनुरोध किया है कि विशेष परिस्थिति मानकर दीपावली के पूर्व सभी बिजली कंपनियों में कार्यरत आउट सोर्स कर्मचारियों को वेतन भुगतान कराने का कष्ट करें। साथ ही यह स्पष्ट आदेश जारी करा दें कि फील्ड में कार्यरत आउट सोर्स कार्मिकों का वेतन अटेंडेंस के नाम पर न रोका जाए।
राकेश डी पी पाठक ने ऊर्जा सचिव से अनुरोध किया है कि सभी आउट सोर्स कर्मचारियों को केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत पारिश्रमिक के अनुसार ही भुगतान किया जाए। आउट सोर्स कार्मिकों का वेतन भुगतान विद्युत वितरण कंपनियों द्वारा अपने-अपने विभाग के माध्यम से सीधे किया जाए। इनका हर पांच साल में वेतन निर्धारण किया जाना चाहिए।
दुर्घटना पर मुआवजे की मांग
राकेश डी पी पाठक ने कहा कि बिजली लाइन पर कार्य करने के दौरान विद्युत दुर्घटनाग्रस्त आउट सोर्स कर्मिकों का इलाज किसी भी अस्पताल में कराने की व्यवस्था होनी चाहिए। दुर्घटना में अंग भंग पर संबंधित आउट सोर्स कर्मचारी को 20 लाख रुपए और दुखद निधन होने पर 50 लाख रुपए तत्काल प्रभाव से भुगतान किए जाएं। मृत आउट सोर्स कर्मचारी के परिवार को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की जाए।